जनवाणी संवाददाता |
बेहट: नगर पंचायत द्वारा महिलाओं बालिकाओं की सुरक्षा सम्मान एवं स्वालम्बन के लिए मिशन शक्ति अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें छात्राओं व महिलाओं को जागरूक करने के लिए नाटक के रूप में कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। शनिवार को नगर पंचायत द्वारा मिशन शक्ति अभियान के तहत कस्बे के एक पैलेस में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिसमें शिवपति बालिका विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय नंबर 1 की छात्राओं ने महिला अपराध के प्रति उपस्थित महिलाओं एवं छात्राओं को कार्यक्रम प्रस्तुत कर जागरूक किया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष अब्दुल रहमान एवं अधिशासी अधिकारी वीरज कुमार त्रिपाठी ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। शासन द्वारा नारी की सुरक्षा के लिए 1090, 181, 1076, 112 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हुए हैं।
कहीं पर भी कोई भी महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ अपराध करने की कोशिश करता है या उनका उत्पीड़न करता है तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके शिकायत करें। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय नंबर एक की सह अध्यापिका रीता गुप्ता ने कहा कि महिलाए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो और अत्याचार के खिलाफ अपनी आवाज उठाएं।
कार्यक्रम के बाद कस्बे की समस्त नारी शक्ति आंगनबाड़ी शिक्षामित्र सहायक अध्यापिकाएं महिला सभासदो को प्रमाण पत्र एवं स्कूली छात्राओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सभासद रिहाना प्रवीण, शाइना, सरवत रुही, हेमन्त जैन, गुड्डू पीरज़ादा, विजय नायडू, नौशाद, मुस्तकीम अय्यूबी, सुधांशु पांडे, हिमांशु कौशिक, संजीव कुमार, शोभा शर्मा,ख्याति गुलाटी आदि मौजूद रहे।

