- घायल कर पुलिस के मिशन शक्ति अभियान पर ही सवाल खड़े कर दिए
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: दिन में पुलिस ने मिशन शक्ति चलाया। कई जगह कार्यक्रम किए, लेकिन शाम को शोहदों ने एक महिला हेड कांस्टेबल से सरेआम रोड पर छेड़खानी व उसको घायल कर पुलिस के मिशन शक्ति अभियान पर ही सवाल खड़े कर दिए। जिस हेड कांस्टेबल से छेड़खानी की गयी है उसके पति भी पुलिस महकमे में हैं और नोएडा में तैनात हैं। महिला हेड कांस्टेबल से छेड़खानी की इस घटना के बाद कहा जा रहा है कि इस अभियान की सबसे ज्यादा व पहले तो पुलिस की महिला स्टॉफ को जरूरत है।
जब पुलिस वालीं शोहदों से सुरक्षित हो जाएंगी उसके बाद ही आम महिला की सुरक्षा की बात की जाएगी। हापुड़ रोड पीटीएस पुलिस ट्रेनिंग सेंटर से लौट रही स्कूटी सवार महिला हेड कांस्टेबल से बाइक सवार तीन मनचलों ने मंगलवार शाम सरेआम छेड़छाड़ कर डाली। महिला कांस्टेबल के विरोध करने पर मनचलों ने अभद्रता कर दी। महिला पुलिसकर्मी स्कूटी से गिरकर चोटिल हो गई। राहगीरों ने तीनों मनचलों को पकड़ लिया। शास्त्रीनगर एल ब्लॉक चौकी पर ले गए। मौके पर पहुंची लोहियानगर पुलिस ने महिला पुलिसकर्मी से घटना की जानकारी ली, लेकिन महिला पुलिस कर्मी ने कार्रवाई से इंकार कर दिए।
महिलाओं से छेड़छाड़, मारपीट और जमकर तोड़फोड़
दौराला: सरधना रोड पर आयोजित रामलीला मंचन देखकर भैंसा-बुग्गी पर सवार होकर घर लौट रही महिलाओं से ट्रैक्टर सवार युवकों ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर भैंसा-बुग्गी में टक्कर मारी और मारपीट की। सोमवार देर रात सरधना रोड पर सरश्री राम इंटर कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित रामलीला मंचन देखने के लिए दौराला के वार्ड-3 निवासी महिलाएं भैंसा-बुग्गी में सवार होकर आई थी। मंचन खत्म होने के बाद वह अपने घर लौट रही थी।
शराब के ठेके से 500 मीटर दूर ट्रैक्टर सवार ने उनके भैंसा-बुग्गी में टक्कर मारी और महिलाओं व युवतियों से छेड़छाड़ करने लगे, जब उन्होंने विरोध किया तो युवकों ने महिलाओं के साथ मारपीट की। आरोप है कि युवक एक महिला के गले से सोने की चेन भी छीनकर ले गए। मंगलवार को थाने पहुंचे पीड़ितों ने पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जमा थे लाखों के पटाखे, पुलिस ने मारा छापा
मेरठ: ब्रह्मपुरी थाना के माधवपुरम सेक्टर एक में पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर लाखों कीमत के अवैध रूप से जमा किए गए पटाखे बरामद किए हैं। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि एक सूचना के आधार पर सेक्टर एक निवासी विश्वास गुप्ता के मकान पर दबिश दी गयी। वहां दबिश में भारी मात्रा में पटाखों का जखीरा मिला। पटाखे इतने ज्यादा जमा किए गए थे कि वहां पर और भी फोर्स भेजना पड़ा।
माना जा रहा है कि एक ट्रक भरकर ये पटाखे लाए गए थे। पूछताछ में विश्वास ने पुलिस को बताया कि उसने कई राज्यों से यहां बेचने के लिए अवैध रूप से पटाखे जमा किए थे। वह सालों से इसी प्रकार अवैध रूप से पटाखे जमा कर बेचता है। पुलिस ने वहां से तमाम पटाखे जब्त कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पटाखों का जखीरा मिलने के बाद अब पुलिस जनपद भर में पटाखों के खिलाफ अभियान की बात कह रही है।
पिस्टल के साथ युवक दबोचा
मेरठ: लोहिया नगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को पिस्टल के साथ दबोचा है। बताया गया है कि इस युवक से अभी पूछताछ की जा रही है। उसने इतना बताया कि यह पिस्टल 30 हजार में किसी से खरीदा है। पुलिस अभी इसके जरिये उस शख्स तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, जो शहर में हथियारों को सौदागर बना हुआ है। दरअसल, बीते सोमवार को देहलीगेट पुलिस ने एक नाबालिग को अवैध पिस्टल के साथ पकड़ा था।

