जनवाणी ब्यूरो |
सहारनपुर: अपर जिलाधिकारी प्रशासन एस.बी.सिंह ने कहा कि माध्यमिक शिक्षक सेवा चयन आयोग की परीक्षाओं को स्वतंत्र और निष्पक्ष कराने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर केवल सटेटिक मजिस्ट्रेट को ही मोबाइल ले जाने की अनुमति होगी। परीक्षा के दिन परीक्षा केन्द्रों पर वाई-फाई और नेट बिल्कुल बन्द रहेंगे।
उन्होने कहा कि किसी भी स्थिति में परीक्षार्थी के स्थान पर कोई अन्य परीक्षा देता अथवा अन्य अनियमित्ता करता पाया जाता है तो संबंधित के विरूद्ध एफ0आई0आर0 दर्ज कराने के साथ-साथ कठोर कार्यवाही की जायेगी। बिना मास्क के किसी भी अभ्यर्थी अथवा कार्मिक को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पारदर्शी, सुचितापूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किए जाएं।

