- चौकी इंचार्ज पर लगाया सांठगांठ का आरोप
- छेड़छाड़ की धारा छोड़कर मामूली धारा लगाई
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: ब्रह्मपुरी पुलिस शोहदों पर कार्रवाई करने के बजाय उन पर पूरी तरह मेहरबान नजर आती है। ब्रह्मपुरी क्षेत्र शिवशक्ति नगर निवासी एक परिवार ने पड़ोस के दबंग तीन युवकों पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगाया। परिजनों का आरोप है कि छात्रा के भाईयों ने विरोध किया तो उन पर भी र्इंटों से हमला कर घायल कर दिया। दोनों भाई अस्पताल में भर्ती है। पूरी घटना में पुलिस ने छेड़छाड़ की तहरीर को जबरन फड़वा दिया और आरोपियों पर मामूली धारा में मुकदमा दर्ज कर दिया।
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र शिवशक्ति नगर निवासी सुमित ने बताया कि पड़ोस के रहने वाले तीन युवक अंकुश पुत्र सुनील व प्रिंस पुत्र सुनील व शिवम उसकी भतीजी का स्कू ल जाते वक्त रास्ता रोक कर छेड़छाड़ करते हैं। कई बार उनके परिजनों से शिकायत की, लेकिन उन्होंने अनसुना कर दिया। चार अप्रैल को किशोरी छत पर कमरे में पढ़ रही थी। तभी अंकुश, प्रिंस व शिवम उनकी छत पर आये और छात्रा से छेड़छाड़ करने लगे। छात्रा का शोर सुनकर उसके भाई तुषार, राहुल वहां पहुंचे तो उन्होंने विरोध जताया। जिस पर प्रिंस व शिवम और अंकुश ने उन पर र्इंट से हमला कर घायल कर दिया।

परिवार के लोग मंगलवार सुबह एसएसपी आॅफिस पहुंचे और ब्रह्मपुरी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाये। आरोप है कि गणेशपुर चौकी इंचार्ज ने उनकी लिखी तहरीर जबरन फड़वा दी। अपने तरीके से उन पर दबाव बनाकर तहरीर लिखवाकर मामूली धारा में मुकदमा दर्ज कर दिया। परिजनों ने एसएसपी से मांग की है कि पुलिस छेड़छाड़ की धारा बढ़ाये। एसएसपी ने परिवार को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मां की डांट से छात्रा लापता, बाद में मिली
दौराला: मां की डांस से क्षुब्ध सहारनपुर निवासी एक छात्रा उत्तराखंड की रोडवेज बस में सवार होकर दिल्ली के लिए जा रही थी। सवारी से फोन लेकर छात्रा ने परिजनों को जानकारी दी। सहारनपुर निवासी कक्षा 12वीं की एक छात्रा को उसकी मां ने डांट दिया, जिस पर छात्रा कॉलेज जाने के दौरान उत्तराखंड की रोडवेज बस में सवार हो गई। बस दिल्ली के लिए जा रही थी। मेरठ जिले की सीमा में आने के बाद छात्रा ने एक सवारी से फोन लेकर अपने परिजनों को फोन किया। छात्रा ने बताया कि वह मां की डांट से क्षुब्ध हेकर दिल्ली जा रही है और फोन काट दिया।
थोड़ी देर बाद परिजनों ने फोन किया और सवारी को पूरे मामले की जानकारी दी, जिस पर सवारी ने चालक को पूरे प्रकरण के बारे में बताया। चालक ने दौराला थाने के सामने पहुंचते ही बस को रोक दिया और पुलिस को छात्रा के घर से जाने की बात बताई। वहीं, परिजन सहारनपुर में संबंधित थाने पर पहुंचे। दौराला पुलिस ने सहारनपुर पुलिस से संपर्क साधा और छात्रा के थाने पर होने की बात बताई। दौराला थाने पहुंचे परिजन छात्रा को अपने साथ लेकर लौट गए।

