- कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के चलते सतर्कता
जनवाणी ब्यूरो |
कैराना: कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए शासन ने धार्मिक तथा सामाजिक सामूहिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगा रखा है। कोरोना की रोकथाम को शासन की गाइडलाइन के पालन के लिए शुक्रवार को पुलिस ने जुमे की नमाज के वक्त सतर्कता बरतते हुए धार्मिक स्थलों की ड्रोन कैमरों से निगरानी की ताकि एक स्थान पर लोगों की भीड़ इकट्ठा होने से रोका जा सके।
कोरोना संक्रमण वैश्विक महामारी घोषित होने के बाद भारत सरकार ने धार्मिक/सामाजिक सामूहिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसलिए तभी से मंदिर-मस्जिदों के कपाट बंद हैं। शासन की गाइडलाइन के पालन के शुक्रवार को जुमे की नमाज के वक्त लोगों के इक्ट्ठा होने को लेकर निगरानी रखी जा रही है।
शुक्रवार को सीओ कैराना जितेंद्र कुमार तथा कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राना ने नगर के चौक बाजार, मेंढकी दरवाजा, मोहल्ला बिसातियान, जामा मस्जिद, ईदगाह रोड तथा कांधला तिराहे पर धार्मिक स्थलों के ऊ पर ड्रोन कैमरे उड़ाकर वीडियोग्राफी कराते हुए निगरानी की।
सीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि कोविड-19 के दृष्टिगत प्रत्येक धार्मिक तथा सामाजिक सामूहिक कार्यक्रम आयोजित करने पर प्रतिबंध है। जिसके चलते शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर धार्मिक स्थलों के आसपास ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई, ताकि एक स्थान पर लोगों की भीड़ इकट्ठा न हो सकें। इस दौरान नगर की प्रमुख मस्जिदों में पूर्व की भाँति चार या पांच व्यक्तियों ने ही जुमे की नमाज अदा की।

