- 70 से अधिक अवैध होर्डिंग हटाये गये, चेतावनी दी
- कई जगह पर झेलना पड़ा विरोध, कार्रवाई रही जारी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नगर निगम की ओर से गुरुवार को अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ अभियान चलाया गया। निगम के प्रवर्तन दल ने रेलवे रोड चौराहे से लेकर जैन मंदिर तक अभियान चलाया। यहां 70 छोटे व 13 बड़े विज्ञापन होर्डिंग हटाये गये। पिछले कई माह से शहर में अवैध होर्डिंग्स का जाल बिछा हुआ है। यहां होर्डिंग माफियाओं ने शहर की हर सड़क पर कब्जा कर रखा है, अवैध रूप से होडिंग लगाये हुए हैं। अब निगम की ओर से यह अभियान लगातार चलाया जायेगा।
बता दें कि नगर निगम की ओर से शहर में होर्डिंग लगाने के लिये ठेका दिया जाता है। यह ठेका कई कंपनियों के पास है। जिसमें उनके प्वाइंट निर्धारित हैं कि कहां कहां पर होर्डिंग कितना बड़ा लगाया जायेगा, लेकिन होर्डिंग माफियाओं ने शहर में कब्जा कर रखा है। जहां देखों वहां अवैध रूप से होर्डिंग लगा रखे हैं। दिल्ली रोड बाइपास हो या बिजली बंबा बाइपास, नई सड़क शास्त्रीनगर, मेरठ कालेज, पीएल शर्मा रोड शहर में तमाम जगह चिन्हित हैं।
जहां पर होर्डिंग के लिये नगर निगम की ओर से ठेका छोड़ा गया है, लेकिन यहां होर्डिंग माफियाओं ने सभी प्वाइंट पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। शहर में सभी जगहों पर अवैध होर्डिंग लगे हुए हैं। चुनावों के चलते इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो पा रही थी, लेकिन गुरुवार को नगरायुक्त मनीष बंसल के निर्देश पर प्रवर्तन दल ने रेलवे रोड पर अभियान चलाकर यहां से अवैध होर्डिंग हटाये।
प्रवर्तन दल ने रेवले रोड चौराहे से लेकर जैन नगर मंदिर तक अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने 70 छोटे अवैध होर्डिंग और 13 बड़े होर्डिंग को हटाया। टीम के सदस्यों ने बताया कि अब यह अभियान लगातार शहर में कई जगहों पर चलाया जायेगा। शुक्रवार को भी कार्रवाई की जायेगी। इस दौरान लेप्टिनेंट शक्ति सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्य किया। यहां प्रवीन कुमार, मुनेंद्र, रुपेश कुमार, जितेन्द्र, यशपाल आदि मौजूद रहे।

