- बाजार में दुकान पर सामान लेते समय की युवक की हत्या
जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: थाना क्षेत्र के बावली गांव की पट्टी मौहल्लू में दुकान पर घर का सामान लेने गए युवक की दो बाइक सवार लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्यारे हवा में तमंचे लहराते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। हत्यारों के बारे में जानकारी जुटाई। उनके घरों पर पुलिस ने दबिश दी। लेकिन, वह हाथ नहीं आए। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने बताया कि मारे गए युवक पर कई मुकदमे दर्ज हैं।
यह मामला सोमवार को सायं का है। बावली गांव की पट्टी मौहल्लू निवासी शिवम उर्फ फोड़ पुत्र योगेन्द्र (24) अपने घर से पट्टी में ही दीपक की परचून की दुकान पर घर का सामान लेने के लिए गया हुआ था। जब वह दुकान पर सामान ले रहा था। तभी बाइक सवार दो युवक उसके पीछे पहुंचे। उन्होंने आते ही उसे निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोली चला दी।

शिवम को कई गोली लगीं। वह वहीं गिर गया। गली में खून ही खून हो गया। हत्यारे हवा में तमंचे लहराते हुए मौके से फरार हो गए। किसी ने उसके परिजनों को सूचना दी। वह मौके पर पहुंचे। वहीं पड़ोस के लोगों ने बड़ौत पुलिस को सूचना दी। बड़ौत कोतवाल अजय शर्मा व सीओ अलोक सिंह पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान बताया गया है कि शिवम उर्फ फोड़ पर कई मुकदमे दर्ज हैं। वह अपराधिक किस्म का युवक था। किसी से उसकी रंजिश रही होगी। इस संबंध में परिजनों ने शिवम की गांव के ही युवकों से रंजिश बताई। पुलिस ने हत्यारों के घर पर दबिश दी। वह फरार हो गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतक के परिजनों से पुलिस ने तहरीर ली। मौके पर काफी भीड़ हो गई थी।

