जनवाणी ब्यूरो |
चेन्नई: सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज टी नटराजन घुटने की चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सत्र से बाहर हो गए हैं जिसके लिए उन्हें सर्जरी करानी होगी।
तीस वर्षीय नटराजन ने इस आईपीएल सत्र में सनराइजर्स की तरफ से चार में से केवल दो मैच खेले। यह चोट उन्हें इस साल के शुरू में आॅस्ट्रेलियाई दौरे के दौरान लगी थी। सनराइजर्स हैदराबाद द्वारा अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किये गये वीडियो में इस यार्कर विशेषज्ञ ने कहा कि मैं इस आईपीएल के बचे हुए मैचों में नहीं खेल पाने के लिए दुखी हूं।
मैं पिछले सत्र में अच्छा खेला था और इसके बाद भारत के लिए खेला तो मेरी उम्मीदें काफी ज्यादा थीं। दुभाग्यपूर्ण है कि मुझे घुटने की सर्जरी करानी होगी और मैं इस सत्र में नहीं खेल पाऊंगा। उन्होंने हालांकि नहीं बताया कि यह सर्जरी कब होगी। उन्होंने कहा कि मेरे पास इस समय कहने के लिए कुछ नहीं है। मैं सनराइजर्स को इस सत्र का प्रत्येक मैच जीतने की कामना करता हूं। शुभकामनाएं।
यह समझा जा सकता है कि आॅस्ट्रेलिया दौरे में व्यस्त कार्यक्रम के कारण वह अपनी चोट से पूरी तरह नहीं उबर पाए थे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर कहा कि नटराजन अपनी चोट से पूरी तरह नहीं उबरे थे। वह उपचार के लिए एनसीए (राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी) गए थे लेकिन अब यह दिख रहा है कि भले ही उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ मैचों के लिए फिट घोषित कर दिया गया था लेकिन वह खेलने के लिए शत प्रतिशत तैयार नहीं थे।
सूत्र ने इंग्लैंड सीरीज के दौरान एक टी-20 और एक वनडे में उनके खेलने का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें अब लंबे समय तक बाहर रहना पड़ सकता है क्योंकि उन्होंने उचित उपचार के बिना वापसी में जल्दबाजी दिखाई।

