- इनरव्हील क्लब का शिक्षक दिवस पर सम्मान समारोह आयोजित
जनवाणी ब्यूरो |
नजीबाबाद: इनरव्हील क्लब के तत्तवधान में शिक्षक दिवस पर आयोजित आनलाइन बैठक में संस्था की अध्यक्षा इन्दू गुप्ता ने कहा कि डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन एक बेहतरीन शिक्षाविद थे और राष्ट्रनिर्माण के लिए युवाओं को तैयार करने के लिए समर्पित रहे। इस मौके पर रमा जैन डिग्री कालेज की प्राचार्या डा. दीप्ति गुप्ता को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया।
शनिवार को इनरव्हील क्लब की आन लाइन गोष्ठी में अध्यक्ष इन्दु गुप्ता ने आगे कहा कि डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन भारत के पहले उपराष्ट्रपति, दूसरे राष्ट्रपति थे। इसके साथ ही वे एक महान दार्शनिक बेहतरीन शिक्षक, स्कॉलर और राजनेता थे। डा.राधाकृष्णन को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से भी नवाजा गया था।
उन्होंने कहा कि जिस साल 1962 में डा. राधाकृष्णन राष्ट्रपति के पद पर आसीन हुए उसी साल से उनके जन्म दिन 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है।
इनरव्हील क्लब की सदस्याओं ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद कर उन के व्यक्तित्व पर आनलाइन प्रकाश डाला। क्लब की अध्यक्षा इंदु गुप्ता ने सर्व प्रथम दीप प्रज्वलित किया।
इसके पश्चात भगवान गणेश को नमन कर इनरव्हील प्रार्थना की गई। अरुणा गोयल ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर रमा जैन महाविधालय की प्राचार्या दीप्ति गुप्ता को क्लब की ओर से सम्मानित किया गया। उन्हें क्लब की अध्यक्षा इंदु गुप्ता ने स्मृति चिह्न प्रदान करने की घोषणा की।
क्लब सचिव रमा शुक्ला ने उन का स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया। क्लब उपाध्यक्ष साहित्यकार रश्मि अग्रवाल के संचालन में आयोजित इस वैबिनार में डा. दीप्ति गुप्ता द्वारा शिक्षक दिवस पर अपने विचारों के माध्यम से प्रकाश डाला गया।
बैठक में इंदु गुप्ता, रश्मि अग्रवाल, रमा शुक्ला, नीतू अग्रवाल, सुदेश गुप्ता, अंजू मेहरा, अरुणा गोयल, पुष्प लता इन्दु, सीमा कपूर, रमा अग्रवाल, उमा मित्तल, मीरा मित्तल आदि ने भाग लिया।

