- चनों के रेट के पैसे लेकर चावल दे गया, सभासदपति को लालच पड़ गया महंगा
जनवाणी संवाददाता |
शामली: भाजपा नेता सभासद पति को एक नटरवर लाल ने दिनदहाड़े चपत लगाते हुए चनों के बदले चावल देकर चपत हो गया। पीड़ित व्यापारी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मामले में जांच कर कार्यवाही किए जाने की मांग की है। दूसरी ओर, पुलिस ने मामले में कार्यवाही करते हुए बाइक सवार आरोपी व्यक्ति की सीसीटीवी फुटेज निकालकर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
नगर पालिका परिषद शामली के वार्ड-23 के सभासद पति निशिकांत संगल की शहर के डाकखाने वाली गली धीमानपुरा में गेंहू की दुकान है। निशिकांत संगल भाजपा के नेता भी हैं। दरअसल, मामला 24 सितंबर की शाम का है। बाईक सवार दो युवक चने से भरा कट्टा लेकर उनकी दुकान पर पहुंचे।
एक युवक बाइक चला रहा था जबकि दूसरा कट्टे को पकड़े हुए बैठा था। मोल भाव के बाद 4000 रुपये प्रति कुंतल चने खरीदना तय हुआ। उस समय युवक एक कट्टा चने लिए हुए थे, जो 1828 रुपये का हुआ। सौदा पटने पर युवकों ने चार कट्टे चने और होने की बात कही। उसके कुछ देर बाद युवक ई-रिक्शा में चार कट्टे लेकर पहुंचा, जहां उसने कट्टे तुलवाते हुए पांचों कटटों का हिसाब एक साथ कराकर 9350 ले लिए।
व्यापारी निशिकांत संगल ने बताया कि जब उसने युवक के जाने के बाद उक्त चार कट्टों को खोलकर चेक किया तो उनमें चनों के बजाय चावल निकले। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस से मामले में जांच कर कार्यवाही किए जाने की मांग की है।
दूसरी ओर, पुलिस ने मामले में कार्यवाही करते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकाली है, जिसमें उक्त युवक अपने एक साथी के साथ बाईक पर कट्टा लेकर आते हुए नजर आया है। बाइक के आधार पर उसकी पहचान योगेश कुमार पुत्र श्याम सिंह निवासी गोमतीपुर, थाना आदर्श मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में कार्यवाही शुरू कर दी है।

