-
जनता दर्शन में अलग अलग समस्याओं पर सीएम योगी ने दिया लोगों को भरोसा
-
गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री ने सुनीं 300 लोगों की समस्याएं
जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: पैसे के अभाव में आर्थिक रूप से कमजोर किसी भी घर की बिटिया की शादी नहीं रुकेगी। साथ ही किसी मरीज का इलाज धन की कमी से बाधित नहीं होगा। न तो घबराएं और न ही परेशान हों। हर जरूरतमंद, पीड़ित की मदद के लिए सरकार तत्पर है।
मदद के दृढ़ इरादे में लिपटे संबल के ये भावनात्मक बोल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हैं। शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान अलग-अलग तरह की समस्याएं सुनते हुए उन्होंने सब को आश्वस्त किया कि समस्या किसी भी तरह की हो उसका निदान करना उनकी सरकार की प्राथमिकता है।

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 300 लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लोगों की समस्याओं पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता से ध्यान देकर उनका त्वरित निस्तारण कराएं ताकि किसी को भी परेशान न होना पड़े।
साथ ही जरूरतमंदों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। यदि कहीं कोई जमीन कब्जा या दबंगई कर रहा हो तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए।
जनता दर्शन में कुशीनगर से आई एक महिला ने आर्थिक तंगी की वजह से बिटिया की शादी में आ रही दिक्कत मुख्यमंत्री से साझा की। उसकी परेशानी सुनते ही सीएम बेहद संजीदा हो गए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस मामले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ दिलाया जाए।
यदि कोई दिक्कत आ रही हो तो बिटिया की शादी के लिए महिला को भरपूर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने महिला से कहा कि बिल्कुल परेशान मत हो, पैसे की तंगी से बिटिया की शादी नहीं रुकेगी।


