
सुभाष शिरढोनकर |
आज के दौर की सबसे ज्यादा खूबसूरत एक्ट्रेसों में शुमार कियारा आडवानी ने बहुत ही कम समय में बॉलीवुड में अपनी एक खास जगह बना ली है। हालिया प्रदर्शित ‘भूल भुलैया 2’और ‘जुग जुग जियो’ जैसी फिल्मों ने उनकी पोजीशन को और भी मजबूत किया है। करण जौहर द्वारा निर्मित और राज मेहता द्वारा निर्देशित ‘जुग जुग जियो’ में कियारा, वरूण धवन के अपोजिट नजर आर्इं और अपने काम और खूबसूरती से उन्होंने सभी का दिल जीत लिया। उनकी यह फिल्म 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो चुकी है और इसका आगे का सफर अभी जारी है। कियारा जब महज 7 साल की थीं, अपनी मां के साथ उन्होंने एक ‘बेबी क्रीम‘ की एड फिल्म में पहली उपस्थिति दर्ज कराई थी। उसके बाद बाकायदा एक एक्ट्रेस के रूप में उन्होंने जिमी शेरगिल के अपोजिट 2014 में आई कबीर सदानन्द निर्देशित ‘फगली’ के साथ बॉलीवुड में डेब्यू किया था। भारतीय क्रि केटर महेन्द्र सिंह धोनी के जीवन से प्रेरित फिल्म ‘एम.एस.धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ (2016) में उन्हें पहचान मिली। इसी के साथ ‘भरत अने नेनु’ के साथ उन्होंने साउथ इंडस्ट्री में भी कामयाबी का परचम फहरा दिया। शाहिद कपूर के अपोजिट वाली ‘कबीर सिंह’ (2019) कियारा के कैरियर की अब तक की सबसे बड़ी हिट है। शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा की बायोपिक ‘शेरशाह’ (2021) में सिद्धार्थ मल्होत्रा के अपोजिट विक्रम बत्रा की गर्लफ्रेंड डिंपल चीमा के किरदार में नजर आ चुकी कियारा आडवानी आजकल जबर्दस्त डिमांड में हैं। कियारा आडवानी साउथ के कामयाब स्टार रामचरन के साथ ‘आर सी 15’ कर रही हैं। प्रस्तुत हैं कियारा के साथ की गई बातचीत के मुख्य अंश:
आप, अब तक अनेक तरह के रोल निभा चुकी हैं लेकिन आपका ड्रीम रोल क्या है?
-‘ड्रीम रोल’ नहीं बल्कि ‘ड्रीम रोल्स’। अभी तो बस शुरुआत हुई है। मुझे काफी कुछ करना है। मैं ऐसे कई सारे रोल्स करना चाहती हूं जो मैंने अब तक नहीं किए हैं। सबसे पहले मैं किसी पीरियड फिल्म का हिस्सा बनना चाहती हूं। मुझे एक्शन फिल्में भी करनी हैं। मुझे संजय लीला भंसाली सर के साथ काम करना है। मैं इंडियन लीजेंड्स की बायोपिक करना चाहती हूं। मेरी यह लिस्ट काफी लंबी है।
‘लक्ष्मी’ में आप अक्षय कुमार के साथ थीं लेकिन फिल्म आॅडियंस को पसंद नहीं आई। अक्षय कुमार का वक्त आजकल ठीक नहीं चल रहा है या फिर इसके न चलने की वजह कुछ और थी?
-मैं हूं या अक्षय सर या फिर कोई और, एक्टर होने के नाते, हर कोई अपनी हर फिल्म और किरदार पर कड़ी मेहनत करता है और हर कोई चाहता है कि उसकी फिल्म बहुत अच्छा करे मगर यह आॅडियंस पर निर्भर करता है कि वह उस फिल्म को किस तरह लेते हैं। हो सकता है कि उन्हें फिल्म का कंसेप्ट ही पसंद न आया हो।
क्या कभी आपके साथ ऐसा हुआ है कि प्रपोजल के साथ आपको लगने लगा हो कि फिल्म के कंसेप्ट को आॅडियंस एक्सेप्ट नहीं करेगी लेकिन इसके बावजूद उसे करने के लिए आपकी कोई बाध्यता रही हो?
-मेरे साथ ज्यादातर ऐसा ही होता है क्योंकि मैं चाहकर भी ‘ना’ नहीं कह पाती। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि मैंने हमेशा से अपने आपको उन्हीं लोगों के बीच रखा जिन्हें न केवल मैं अच्छे से जानती हूं बल्कि उन्होंने मुझे जमीन से जोड़े रखा है। ये वो लोग हैं, जब मैं कुछ भी नहीं थी, तब से मेरे साथ हैं।
सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ आपकी अफेयर की खबरों में कितनी सच्चाई है?
-सभी जानते हैं कि मीडिया इस तरह की चटपटी खबरें बनाने के मामले में एक्सपर्ट होता है और क्यों न हो, यही तो उनका असल काम है और वो लोग अपना काम पूरी ईमानदारी के साथ करते हैं लेकिन मैं साफ कर देना चाहती हूं कि रोमांस अफेयर और डेटिग जैसी चीजों के लिए फिलहाल मेरे पास फुर्सत नहीं है। जब फुर्सत मिलेगी, इस बारे में अवश्य सोचूंगी। फिलहाल मेरा सारा फोकस काम पर है।


