- सचिव लोक निर्माण विभाग लखनऊ नरेंद्र भूषण को जनपद का नामित किया गया नोडल अधिकारी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: हर घर तिरंगा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सचिव लोक निर्माण विभाग लखनऊ नरेंद्र भूषण को जनपद मेरठ का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान हर घर तिरंगा कार्यक्रम का नोडल अधिकारियों की ओर से जनपद में 15 अगस्त तक वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। इसी क्रम में गुरुवार को एनआईसी के माध्यम से जिले के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की गई तथा हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाए जाने के लिए निर्देशित किया गया।
इस सिलसिले में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अवगत कराया कि हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाए जाने के लिए प्रत्येक स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए लगातार विभिन्न विभागों की ओर से कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। तथा व्यापारिक संगठन स्वयंसेवी संस्थाएं एवं शैक्षिक संस्थाएं के साथ समन्वय बनाते हुए प्रभात फेरी, तिरंगा वितरण कार्यक्रम तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन प्रतिदिन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया स्वतंत्रता दिवस पर जनपद के समस्त स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद पुलिस कर्मियों के आश्रित परिवारजनों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाजन विभीषिका दिवस के रूप में 14 अगस्त को मनाए जाने के लिए पूरी तरह से रूपरेखा तैयार कर ली गई है। कार्यक्रम भव्य रूप में मनाया जाएगा, इसके साथ ही 11 से 15 अगस्त तक लगातार सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन जनपद स्तर पर किया जा रहा है।
मुख्य सचिव ने बताया कि प्रत्येक दिन सायं पांच बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की जाएगी। वीडियो कांफ्रेंसिंग में प्रमुख सचिव नोडल अधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी की ओर से समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि हर घर तिरंगा अभियान के लिए दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। वीडियो कांफ्रेंसिंग में एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, अपर जिलाधिकारी नगर दिवाकर सिंह सहित संबंधित समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।

