जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पुलिस विभाग में चल रहे आवासीय एवं अनावासीय निर्माण कार्यों में गतिशीलता लाने के लिए शासन द्वारा गंभीरता से प्रयास किये जा रहे है। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी की अध्यक्षता में सोमवर को लोक भवन स्थित कमाण्ड सेण्टर में सम्पन्न एक उच्च स्तरीय बैठक में पुलिस विभाग के लिए 5 करोड़ रूपये तक धनराशि की प्रचलित 21 विभिन्न आवासीय एवं अनावासीय परियोजनाओं में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की गयी। इसके लिए लगभग 30 करोड़ 44 लाख रूपये की धनराशि कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराई गई है।
जिन 21 प्रचलित परियोजनाओं की प्रगति समीक्षा की गई उनमें विशेष रूप से 44वी वाहिनी मेरठ में दो स्टोर, ललितपुर में पुलिस अधीक्षक के गोपनीय कार्यालय, प्रतापगढ़ में सर्किल सदर में क्षेत्राधिकारी के आवासीय भवन, फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर में प्रशासनिक भवन एवं अन्य कार्य, पुलिस महानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र के कार्यालय एवं आवासीय परिसर में चल रहे कार्य, अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन के चैम्बर-आगन्तुक कक्ष व गोरखपुर के थाना बड़हलगंज में आवासीय भवनों के निर्माण कार्य व गोरखपुर के थाना कैण्ट के प्रशासनिक भवन का निर्माण कराया जा
रहा है।
कानपुर नगर के थाना बादशाही नाका के प्रशासनिक भवन के निर्माण कार्य, प्रतापगढ़ में क्षेत्राधिकारी, सदर के आवासीय भवन, सोनभद्र के थाना हाथी नाला के निर्माण कार्य, 44वी वाहिनी पीएसी मेरठ में चल रहे निर्माण कार्य, बुलन्दशहर की पुलिस चौकी खुर्जा जंक्शन के अनावासीय भवनों के निर्माण कार्य, 38वी वाहिनी पीएसी अलीगढ़ में सड़क निर्माण कार्य, उन्नाव के थाना बीघापुर में महिला पुलिस चौकी परामर्श केन्द्र, प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय परिसर में स्थायी पुलिस चौकी के विस्तार, पुलिस महानिरीक्षक, आगरा के कार्यालय में विद्युत सम्बन्धी कार्य किये जा रहे है।
पीएसी को और अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लिए 6 वी वाहिनी पीएसी में पानी की पुरानी पाईप लाईन को बदलने संबंधी कार्य, मुरादाबाद 24 वी वाहिनी पीएसी एवं 44वी वााहिनी पीएसी मेरठ में विभिन्न निर्माण कार्य किये जा रहे है। साथ ही 32वी वाहिनी पीएसी लखनऊ में हाउस गार्द हेतु टेटों के स्थान पर प्री फैब्रिकेटेड बैरक का निर्माण कार्य किया जा रहा है।

