- पुलिस ने डीएम के निर्देश पर की आरोपी के मकान कुर्क की कार्रवाई
जनवाणी ब्यूरो |
नूरपुर: डीएम के निर्देश पर पुलिस ने गौकशी के एक आरोपी की संपत्ति को कुर्क कर लिया है। जो उसने अपने अपराधिक कृत्यों से अर्जित की थी। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
डीएम रमांकांत पांडे के निर्देश पर गुरुवार को थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांचाल और नायब तहसीलदार ब्रजेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ गांव गांवडी पनियाला पहुंचे और मुनादी कराकर गैंगस्टर व गौकशी के आरोपी आरिफ पुत्र इलियास के 48 वर्ग मीटर के मकान जिसकी कीमत करीब डेढ लाख रुपये और एक भैंस जिसकी कीमत करीब चालीस हजार को कुर्क कर लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने कुर्की की कार्यवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि उक्त आरोपी दो सदस्य गैंग का प्रमुख सदस्य है। उस पर गौकशी के तीन और गैगस्टर का एक मुकदमा पंजीकृत है। उक्त अभियुक्त ने अपराधिक क्रियाकलापों से उक्त सम्पत्ति को अर्जित किया है।
इसके अलावा आरोपी का क्षेत्र में काफी खौफ है। उन्होने बताया कि कुर्क की गई भैंस को गांव के चौकीदार इश्हाक की सुपुर्दगी में दिया गया है। कार्यवाई में एसएसआई राजकुमार वर्मा, हल्का दारोगा सतीश कुमार पूनिया आदि शामिल रहे।

