नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सक्रिय हुई पछुआ हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट और मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 4 से 6 मई तक राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। शनिवार को विशेष रूप से तराई, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड क्षेत्र के 33 जिलों में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 58 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी संभावना है। इस मौसमीय बदलाव के कारण लोगों से सतर्क रहने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
तेज हवाओं के साथ हुई बारिश
प्रदेश में शुक्रवार को पश्चिमी जिलों और तराई के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। दिल्ली से सटे इलाके ज्यादा प्रभावित रहे। कहीं पेड़ गिरे तो कहीं कच्चे मकान ढह गए। जलभराव और रास्ते बाधित होने से आवागमन प्रभावित हुआ। कई क्षेत्रों की बिजली घंटों गुल रही। बुंदेलखंड के क्षेत्रों समेत सहारनपुर, लखीमपुर खीरी से लेकर हरदोई तक हल्की बारिश हुई।
शनिवार से यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश के दायरे और तीव्रता में बढ़ोतरी के आसार हैं। पूर्वा और पश्चिमी हवाओं का समागम और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर शनिवार से पूरे प्रदेश में दिखेगा। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त हवाओं के असर से प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभाग में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इन जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, हरदोई, फरुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर।

