- ट्रैक्टर-ट्राली से टकराई कार, शुक्रताल कार्तिक मेला में स्नान करने जा रहे थे
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: लकड़ी से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली से टकराकर कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, 4 यात्री घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कार सवार 5 दोस्त शुक्रताल में चल रहे गंगा कार्तिक मेले में जा रहे थे। मेले में जाते समय बीच रास्ते हादसा हुआ। देर रात गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार ओवरलोड वाहन से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई।
कार में सवार 5 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, गांव मखियाली निवासी युवक कार में सवार होकर देर रात गंगा स्नान के लिए शुक्रताल जा रहे थे। तभी रास्ते में यूसुफपुर पुलिया से आगे मोरना की ओर से आ रहे लकड़ी से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। कार में सवार अमित, नीतीश, हिमांशु, पप्पू, बादल सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा लाया गया।
जहां चिकित्सकों ने घायल बादल (23) को मृत घोषित कर दिया। बाकी सभी चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया।

