- इश्क वाला तालाब के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे ईओ
- कर्मचारियों और ठेकोर ने ईओ को पहुंचाया अस्पताल
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: नगर पालिका द्वारा पानीपत बाइपास पर इश्क वाला तालाब की खुदाई व सफाई के दौरान निरीक्षण करने तालाब पर पहंचे अधिशासी अधिकारी का पैर फिसलने से वह 20 फीट गहरी खाई में गिर गए। पालिका कर्मचारियों और ठेकेदार ने ईओ को खाई से निकाल कर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
नगर पालिका ने करीब 3 माह पहले कैराना से मामौर झील तक जाने वाले गन्दे पानी के नाले पर इश्क वाला तालाब से पहले 12 लाख की कीमत में पानी साफ करने के लिए बायो रेमिडेशन प्लांट लगाया था। वही 49 लाख के बजट में पिछले 2 माह से इश्क वाला तालाब की खुदाई व सफाई का कार्य किया जा रहा है। जिसमें दो माह से एक जेसीबी व तीन ट्रैक्टर-ट्राली दिन रात लगी।
गुरूवार को करीब 3 बजे नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हेमराज पुंडीर तालाब पर कार्य प्रगति का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी तालाब की 20 फीट गहरी खाई के पास पास ही चल रहे थे कि अचानक मिट्टी में उनका पैर फिसल गया तथा वो खाई में नीचे गिर गये।
अधिशासी अधिकारी के खाई में गिरने पर मौके पर अफरा तफरी मच गई तथा नगा पालिका ठेकेदार हारूण व अन्य कर्मचारियो ने उन्हे खाई से बाहर निकाल कर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अधिशासी अधिकारी हेमराज पुंडीर के हाथ, गर्दन व चेहरे पर चोटे लगी थी। अस्पताल में उपचार के बाद डाक्टरो ने उन्हे घर भेज दिया। ईओ ने बताया चिकित्सकों ने बताया कि उन्हें बेड रेस्ट की सलाह दी है।

