जनवाणी संवाददाता |
बागपत: सोशल आडिट टीम के सदस्यों ने बुधवार को ब्लॉक कार्यालय में पहुंचकर नारेबाजी कर हंगामा किया। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव उनका आडिट करने में सहयोग तक नहीं कर रहे हैं और जब अभिलेख मांगे जाते हैं तो उन्हें दिए नहीं जा रहे है, जिससे वह आडिट नहीं कर पा रहे है। उन्होंने बीडीओ व डीएम को शिकायत पत्र देकर सचिवों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अभिलेख उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि वह आडिट कर सकें।
प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों में मनरेगा योजना के तहत होने वाले कार्यों के लिए आडिट टीम बनायी है, ताकि वह आडिट कर यह पता लगाया जा सकें कि धनराशि में किसी भी तरह का गोलमाल तो नहीं हुआ है।
बुधवार को बागपत ब्लॉक के आडिट टीम के सदस्य आडिट करने के लिए अपनी-अपनी ग्राम पंचायत में पहुंचे तो पंचायत सचिवों ने उन्हें अभिलेख देने से मना कर दिया और न ही वहां किसी भी तरह के अभिलेख मिले। इसके विरोध में आडिट सदस्यों ने ब्लॉक पर पहुंचकर नारेबाजी कर हंगामा किया।
उन्होंने कहा कि पंचायत सचिवों द्वारा उनका किसी भी तरह का सहयोग नहीं किया जा रहा है और जब उन्हें विकास कार्योँ के अभिलेख नहीं मिलेंगे तो वह फिर कैसे आडिट हो पाएगा।
आरोप है कि सचिव द्वारा किए गए गोलमाल को छिपाया जा रहा है, ताकि उनकी सच्चाई सामने न आ सकें। उन्होंने बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर अभिलेख उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं डीएम को भी एक ज्ञापन भेजकर कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर नीरज कुमार, राजबीर सिंह, मुनेश, निर्मला, उषा, कृष्णपाल, भुपेन्द्र, रणवीर, बिजेन्द्रपाल, मुनेश आदि मौजूद रहे।

