- आगामी में माह में होनी हैं कई बड़ी कुश्ती प्रतियोगिताएं
- पहलवानों को भेजे जा रहे फिटनेस टिप्स
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना काल के चलते खिलाड़ियों पर एक बार फिर से मुसीबत आने लगी है। नेशनल और स्टेट प्रतियोगिताएं सिर पर होने के बावजूद खिलाड़ी अभ्यास करने में असमर्थ हैं। गौरतलब है कि महामारी के चलते सभी खेल संस्थान बंद किए जा चुके हैं। वहीं, खेल मैदानों को भी पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। ऐसे में खिलाड़ियों को अपने घर पर ही रहना पड़ रहा है।
वहीं, कुश्ती की भी कई प्रतियोगिताएं आगामी माह में प्रस्तावित हैं। जिनमें जिला स्तर से लेकर एशियन चैंपियनशिप तक शामिल है। हालांकि अभी इन प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी संशय की स्थिति है, लेकिन यदि प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाती हैं, तो खिलाड़ियों को बिना उचित अभ्यास के लिए हिस्सा लेने होगा।
संक्रमण के कारण सभी खिलाड़ी इन दिनों घरों में कैद होने को मजबूर हैं, फिर चाहे वह किसी भी खेल से क्यों न जुड़े हों। आने वाले महीनों में कुश्ती की भी कई बड़ी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाना है, लेकिन पिछले साल कोविड के बाद भी कुश्ती को लेकर कोई गाईडलाइन जारी नहीं की गई थी। ऐसे में उस समय भी खिलाड़ियों का सही तरीके से अभ्यास नहीं हो सका था।
इसी तरह कोरोना की दूसरी लहर के चलते चैधरी चरण सिंह विश्विद्यालय स्थित रूस्तम-ए-जमां दारा सिंह कुश्ती स्टेडियम को भी बंद किया गया है। जिसके बाद सभी पहलवानों को घर पर ही रहने के लिए कहा गया है। ऐसे में आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारियां भी नहीं हो पा रही हैं। हालांकि फिलहार सभी प्रतियागिताओं को लेकर संशय की स्थिति ही बनी हुई है। पहले ही कई प्रतियोगिताओं को संक्रमण के चलते रद किया जा चुका है।
जून में होनी है नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता
जून के महीने से कई कुश्ती प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाना है। जिसमें जूनियर से लेकर सीनियर प्रतियोगिताएं तक शामिल हैं। अगले महीने अंडर-15 नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन रांची में किया जाना हैं। इसके अलावा जिला और प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताएं भी होनी हैं। जिला कुश्ती संघ के सचिव डा. जबर सिंह सोम ने बताया कि प्रतियोगिताओं में मेरठ के पहलवानों को भी हिस्सा लेना है। साथ ही दिल्ली में एशियन चैंपियनशिप भी 24 जून से प्रस्तावित है, लेकिन हालात रहे तो प्रतियोगिता रद हो सकती है।
पहलवानों को लगातार दिए जा रहे टिप्स
पहलवानों को घर पर रहते हुए ही फिटनेस सुधारने और एक्सरसाइज करने के टिप्स दिए जा रहे हैं। डा. सोम ने बताया कि मैट पर होने वाले अभ्यास की पूर्ति घर पर रहकर नहीं की जा सकती है, लेकिन फिर भी सभी पहलवानों को आॅनलाइन टिप्स दिए जा रहे हैं। साथ ही व्यायाम करने और डायट का खास तौर पर ध्यान रखने के लिए कहा जा रहा है। वहीं, गांव देहात में रहने वाले पहलवानों को दौड़ लगाने का सुझाव भी दिया जा रहा है।

