- बिनौली थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर किया हत्याकांड का खुलासा
जनवाणी संवाददाता |
बिनौली: गल्हैता गांव के जंगल मे 19 दिन पूर्व हुई पवन की हत्या का शुक्रवार को थाना बिनौली पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस के अनुसार पवन की हत्या चुनावी रंजिश को लेकर की गई थी। पुलिस ने हत्या मे नामदर्ज 5 आरोपियो मे से तीन को गिरफ्तार कर बागपत न्यायालय में पेश किया।
गल्हैता गांव के जंगल मे 19 दिन पूर्व एक व्यक्ति का शव ट्यूबवेल पर पेड़ से लटका मिला था। जिसकी शिनाख्त पवन पुत्र मेहरचंद उम्र 37 वर्ष निवासी चिरचिटा के रूप मे हुई थी। मृतक के भाई सुंदर ने गांव के ही पांच लोगों पर अपने भाई की हत्या कर शव पेड पर लटकाने का आरोप लगाते हुए थाना बिनौली पर मुकदमा दर्ज कराया था। हत्या का खुलासा करने के लिए प्रभारी निरीक्षक बिनौली रवेंद्र सिंह ने दो पुलिस टीमों को लगाया था।
शुक्रवार को पवन की हत्या का खुलासा करते हुए प्रभारी निरीक्षक बिनौली ने बताया कि हत्या मे नामदर्ज 5 आरोपियो मे से तीन को चिरचिटा गांव से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गये आरोपियो ने पूछताछ मे बताया कि पवन पुत्र मेहरचंद की चुनावी रंजिश के चलते हत्या की थी।
पकड़े गये मनोज पुत्र बलजीत, दीपक उर्फ भुल्ले पुत्र दयाराम, अनिल पुत्र धर्मी निवासीगण चिरचिटा थाना सिंघावली अहीर है। पुलिस ने तीनों आरोपियो को बागपत न्यायालय में पेश किया। प्रभारी निरीक्षक रवेन्द्र सिंह का कहना है कि हत्या मे वांछित अभियुक्त ब्रह्मपाल, पप्पू पुत्रगण खचेडू निवासी चिरचिटा को शीघ्र गिरफ्तार किया जायेगा। उन्होंने कहा कि वांछित दोनों आरोपियो पर जल्द ही ईनाम घोषित कराया जाएगा।

