- अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में निशुल्क कराएं टेस्ट
- कोई भी व्यक्ति बाहर से आने वाले के बारे जानकारी दे
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: हरियाणा, पंजाब, दिल्ली व अन्य राज्यों में कोरोना प्रभावित क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों, मजूदरों, प्रवासी आदि लोग जनपद में आने पर सबसे पहले अस्पताल पहुंचकर अपना कोरोना टेस्ट कराएं। जिलाधिकारी ने ऐसा नहीं करने पर एफआइआर दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि कोरोना संक्रमण पूर्व की भांति तेजी से फैल रहा है। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत पंजाब, दिल्ली, हरियाणा व अन्य कोरोना प्रभावित क्षेत्रों से यात्रियों का आवागमन बढ़ रहा है। जनपद के किसी भी क्षेत्र में कार्मिक, प्रवासी व आदि अन्य राज्यों से आते हैं तो ऐसे व्यक्ति कोरोना संक्रमण फैलने से रोकने को स्वयं अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर कोरोना जांच अवश्य कराएं।
यदि कोई व्यक्ति बाहर से आता है तो उसके बारे में कोई भी व्यक्ति उसकी सूचना जिला मुख्यालय पर स्थापित कंट्रोल रूम 01398-270203 अथवा मुख्य चिकित्सा अधिकारी शामली कंट्रोल रूम नंबर-9389706728 पर दे सकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में अन्य राज्य से आने वाले कार्मिक/प्रवासी व आदि कंट्रोल रूम पर सूचना देंगे साथ ही अपनी कोरोना की जांच भी कराएंगे।
जनपद में आए प्रवासियों द्वारा कंट्रोल रूम पर सूचना न दिए जाने पर व कोरोना की जांच न कराए जाने पर ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर कराई जाएगी। डीएम ने कहा कोरोना प्रोटोकॉल का सभी व्यक्ति पालन करें भीड़भाड़ से बचे 2 गज की दूरी मास्क है जरूरी का पालन करें।
बुखार, खांसी, बदन दर्द आदि होने पर तुरंत जांच करवाएं, छींकते समय मुंह पर कपड़ा, टिशू का इस्तेमाल करें भीड़भाड़ से बचें, अनावश्यक यात्रा से बचें, मॉल, होटल, सिनेमा, पार्क, रेलवे स्टेशन आदि पर ना जाए, पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आने से बचें।

