Saturday, March 14, 2026
- Advertisement -

गर्मी में बिलबिलाए लोग, जिला अस्पताल में 25 भर्ती

  • प्राइवेट चिकित्सकों की क्लीनिक भी मरीजों से फुल

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से लोग बिलबिला गए। भीषण गर्मी में लोग गैस बदहजमी, उल्टी, दस्त, बुखार, चक्कर, सिरदर्द, शरीर में कमजोरी आदि बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। जिला अस्पताल में रोजाना सैकड़ों मरीज उक्त बीमारियों का शिकार होकर पहुंच रहे हैं। यहां गुरुवार को करीब 25 मरीज भर्ती किए गए। उधर, प्राइवेट चिकित्सकों के पास भी मरीजों का तांता लग रहा है।

गुरुवार को दिन निकलते ही चिलचिलती धूप ने अपना रौंद्र रूप दिखाया। उधर, लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर डाला। भीषण गर्मी ने लोगों की सेहत पर बुरा असर डाला। आज जिला अस्पताल की ओपीडी में करीब डेढ़ हजार मरीजों में लगभग 300 मरीज गैस, उल्टी दस्त, बदहजमी, चक्कर, सिरदर्द, शरीर में कमजोरी, त्वचा रोग, आंखों में जलन और पानी की कमी के आए। इमरजेंसी वार्ड में करीब 25 मरीजों को भर्ती किया गया। कुछ मरीजों को आइसोलेशन वार्ड भर्ती किया गया। भीषण गर्मी में बीमार हुए कुछ बच्चों को बच्चा वार्ड में भर्ती किया गया।

अस्पताल में सुबह से लेकर दोपहर तक ओपीडी विभाग में सभी कक्षों के बाहर मरीजों की भीड़ उमड़ी। लोगों को पर्ची बनवाने से लेकर डाक्टर को दिखाने और दवाई लेने के लिए खासा पसीना बहाना पड़ा। वहीं, दूसरी ओर प्राइवेट चिकित्सकों की क्लीनिक और नर्सिंग होम पर बड़ी संख्या में गैस, बदहजमी, उल्टी दस्त, चक्कर, सिरदर्द, बुखार, आदि बीमारियों से मरीजों पहुंच रहे हैं। बाल रोग विशेषज्ञों की क्लीनिक भी मरीजों की भीड़ लग रही है। प्राइवेट नर्सिंग होमों में बड़ी संख्या में उक्त बीमारियों के मरीज भर्ती किए गए।

गर्मी से हुई बुजुर्ग की मौत

पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी अब जानलेवा होने लगी है। तीन दिन में दो लोगों ने गर्मी से प्राण त्याग दिये। गुरुवार को हापुड़ रोड स्थित गैस गोदाम के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने मृतक की शिनाख्त के लिए उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। जिसके बाद बुजुर्ग के भाई अनीस ने उसकी पहचान जमील पुत्र जामुन निवासी सरधना के रूप में की। जमील मानसिक रूप से विक्षिप्त था।

दो दिन पहले बेगमपुल नेशनल स्कूल के पास भरी दोपहरी में एक व्यक्ति की गर्मी से मौत हुई थी। थाना लालकुर्ती ने शव की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। उधर, परिजनों के कहने पर पुलिस ने बिना कानूनी कार्रवाई के शव उनके हवाले कर दिया। वहीं, प्रथम दृष्टयता जमील की मौत गर्मी से होना ही बताया जा रहा है।

दावा: सफाईकर्मियों को शनिवार को मिलेगा वेतन, लौटेंगे काम पर

पिछले छह दिन मेडिकल के आउटसोर्सिंग सफाईकर्मी तनख्वाह नहीं मिलने की वजह से हड़ताल पर हैं। वहीं, मेडिकल प्रशासन ने निजी कंपनी विश्वा इंटरप्राइजेज को कर्मचारियों के पैसे का भुगतान कर दिया है। संभावित है शनिवार तक कर्मचारियों के खाते में पैसे पहुंच जाएंगे। जबकि मेडिकल में अभी सफाई व्यवस्था पटरी पर नहीं लौटी है। जबकि सफाईकर्मियों ने जिलाधिकारी से मिलकर मदद की गुहार लगाई है।

गुरुवार को जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे मेडिकल के सफाईकर्मियों ने मदद की गुहार लगाई। कर्मचारियों का कहना है वेतन नहीं मिलने से उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति काफी खराब हो गई है। यहां तक की बीमारों के इलाज के लिए भी पैसा नहीं है। पीड़ितों ने शुक्रवार को प्रशासन से किसी सक्षम अधिकारी को मौके पर भेजने की मांग की है। वहीं, बुधवार देर रात लखनऊ से वापस लौटे मेडिकल के प्रिंसिपल डा. आरसी गुप्ता ने बताया कि मेडिकल की ओर से निजी कंपनी विश्वा इंटरप्राइजेज को भुगतान कर दिया गया है।

संभव है शुक्रवार या शनिवार तक सफाईकर्मियों के खाते में पैसे पहुंच जाएंगे। जबकि विश्वा इंटरप्राइजेज के फैसेलिटी मैनेजर अतुल शिवराज ने बताया कि कंपनी को मेडिकल प्रशासन से पैसा मिल गया है, लेकिन इसे सफाईकर्मियों के खाते में भेजने में शनिवार तक का समय लग सकता है। वहीं, मेडिकल में छठे दिन भी सफाई व्यवस्था चौपट रही, मेडिकल प्रशासन अभी परमानेंट सफाईकर्मियों से काम चला रहा है, लेकिन इनकी संख्या कम होने की वजह से हालात खराब है।

जेडी ने जिला अस्पताल में अव्यवस्था पर लगाई फटकार

संयुक्त निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डा. कल्याणी ने गुरुवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चा वार्ड, आइसोलेशन वार्ड और इमरजेंसी वार्ड की व्यवस्था को परखा। इस दौरान अस्पताल में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बेड की चादरें बिछाई गर्इं। जेडी ने अस्पताल में अव्यवस्था को लेकर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को फटकार लगाई।

जेडी सुबह करीब दस बजे जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पहले ओपीडी का निरीक्षण किया। कुछ कक्षों के बाहर भीड़ लगी थी। उन्होंने मरीजों की लाइनें लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने एंटी रैबीज इंजेक्शन के काउंटर पर पहुंचकर रोजाना कितने लोगों को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं, इसकी जानकारी ली। उन्होंने कुत्ते, बंदर, बिल्ली के काटे लोगों को एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने पैथोलॉजी का निरीक्षण किया। जेडी ने हारमोन एनेलाइजर खराब होने पर नाराजगी जताई और उसे जल्द से जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए।

जेडी ने इमरजेंसी वार्ड में कई बेड पर चादर न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने वार्ड में भीड़ होने पर भी एतराज किया और तुरंत चादर बदलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चा वार्ड में भर्ती बच्चों के परिजनों से दवाइयां मिलने की जानकारी ली। वार्ड में गंदगी को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई और सफाई कराने के निर्देश दिए। जेडी ने आइसोलेशन वार्ड पहुंचकर भीषण गर्मी में विभिन्न बीमारियों से ग्रसित मरीजों का हाल जाना

और डाक्टर को उनकी देखभाल गंभीरता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों से लू से ग्रसित मरीजों के उपचार के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को अस्पताल में आने वाले हर मरीज को अच्छे से अच्छा उपचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

Crude Oil: पश्चिम एशिया संकट से कच्चे तेल की कीमतों में 41% उछाल, वैश्विक बाजार में बढ़ा दबाव

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल...

BCCI Awards: शुभमन गिल और स्मृति मंधाना चमके, BCCI नमन अवॉर्ड 2026 में जीते बड़े पुरस्कार

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI)...

Sonam Wangchuk: सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी रद्द, गृह मंत्रालय ने दी स्वतंत्रता की जानकारी

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जलवायु...
spot_imgspot_img