- एनएएस कालेज के सामने वाले मार्ग का बुरा हाल
- कई बार शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ सड़क का निर्माण
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शहर की सड़कों की हालत खस्ता हो चली है, लेकिन अधिकारी हैं कि सोये हुए हैं। लाख शिकायतों के बाद भी वह जागते नजर नहीं आ रहे हैं। शहर में बुढ़ाना गेट, एनएएस रोड समेत कई मार्ग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, लेकिन अभी तक इन मार्गों के हालात नहीं सुधरे हैं। कई बार समाजसेवी संस्थाओं की ओर से भी अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक हालात जस के तस हैं।
शहर में सड़कों के हालात खराब हो चुके हैं। बार-बार शिकायतों के बाद भी हालात नहीं सुधर रहे हैं। बुढ़ाना गेट मार्ग की बात करें तो यहां पिछले साल भर से सड़क में कई-कई फीट गहरे गड्ढे हो चुके हैं। लोग यहां हादसों का शिकार हो रहे हैं, लेकिन अधिकारी सुनने को तैयार नहीं है। यहां अब भी स्थिति जस की तस है। अभी तक मार्गों की हालत नहीं सुधर पाई है। जबकि बुढ़ाना गेट व्यापार संघ कई बार यहां सड़कों का निर्माण कराने की मांग कर चुका है, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हो पाया है।
यही हाल शहर के मुख्य मार्ग एनएएस कालेज वाले मार्ग का है। यहां भी कचहरी चौपले से लेकर ईव्ज चौपले का यही हाल है। यहां कई जगहों पर गड्ढे हो चुके हैं, लेकिन अभी तक अधिकारियों ने इस विषय में कोई सुध नहीं ली है। कई बार इसकी शिकायत जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंची है, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई सुनवाई नहीं हो पाई है। मोहनुपरी-सुभाष नगर रोड का भी बुरा हाल है। यहां सड़क निर्माण अभी तक नहीं हो पाया है। जिस कारण लोग परेशान है। लोग गड्ढों से होकर गुजर रहे हैं, लेकिन कोई देखने वाला नहीं है।
चुनावी दौर में भी हो रही अनदेखी
शहर के मुख्य मार्गों का यह हाल है। सभी सत्ताधारी विधायक अपने अपने क्षेत्र में सड़कों का हाल सुधारने में लगे हैं, लेकिन शहर के अन्य जगहों के हालातों पर कोई ध्यान देने को तैयार नहीं है। चुनावी समय चल रहा है और हर कोई अपने क्षेत्र में कार्य करा रहा है, लेकिन जो शहर के बीचोंबीच यह मुख्य मार्ग भी शहर का ही हिस्सा है, लेकिन इसमें कोई सुधार नहीं हो रहा है।

