- गुस्साए ग्रामीणों ने दौड़ाया वन विभाग की टीम को रेंजर के खिलाफ तहरीर
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: परतापुर थाना के कंचनपुर घोपला में मंगलवार को रास्ता बनाने को लेकर वन विभाग व गांव वालों के बीच टकराव हो गया। आरोप है कि वन विभाग के रेंजर नगर निगम के वार्ड-31 के पार्षद कीर्ति घोपला पर पिस्टल तान दी। इसको लेकर जब गांव वाले उत्तेजित हो गए तो वन विभाग की टीम को मौके से भागना पड़ गया। बाद में कीर्ति घोपला व भारी संख्या में गांव वाले थाना परतापुर पहुंच गए। थाने में देर तक हंगामा चलता रहा। बाद में पार्षद ने वन विभाग के रेंजर के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस अब मामले की जांच की बात कह रही है।
गांव कंचरपुर घोपला में पार्षद रास्ते का निर्माण करा रहे हैं। दरअसल, निगम के वार्ड-31 क्षेत्र में आने वाले कंचनपुर घोपला के गांव वालों ने बताया जैसा कि मौसम विभाग ने आशंका भी जतायी है कि इस साल बारिश अधिक होनी हैं। उनका प्रयास है कि बारिश से पहले यह रास्ता बना दिया जाना चाहिए। सूत्रों ने जानकारी दी कि रास्ता बनाए जाने का राजनीतिक स्वार्थ के चलते कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। मंगलवार सुबह रास्ते का काम चल रहा था। उसी दौनान अचानक वन विभाग के रेंजर मदनपाल, ओमपाल, संदीप व कई अन्य वहां आ धमके।
उन्होंने रास्ते को लेकर वन विभाग की आपत्ति की जानकारी देते हुए काम बंद कराए जाने को कहा। इसी बात को लेकर वहां दोनों पक्षों में गरमागर्मी हो गयी। वहां हंगामा शुरू हो गया। आरोप है कि हंगामे के दौरान रेंजर ने पार्षद कीर्ति घोपला पर पिस्टल तान दी। इसके बाद तो वहां गांव वाले बुरी तरह भड़क उठे। उन्होंने वन विभाग की टीम को दौड़ा लिया। पार्षद पर पिस्टल तानने की खबर पर बड़ी संख्या में लोग आ गए। बाद में तमाम लोग थाना परतापुर जा पहुंचे। वहां धरना देकर नारेबाजी शुरू कर दी। थाने में देर तक हंगामा चलता रहा। कीर्ति घोपला ने रेंजर के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर परतापुर जयकरण सिंह ने बताया कि रेंजर के खिलाफ तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।

