- सभासदों के साथ लाभार्थियों ने एसडीएम से की शिकायत
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: गुरुवार को मोहल्ला दरबारकलां, आलखुर्द, आलदरम्यान के लोगों एवं वार्ड सभासदों ने उप जिलाधिकारी संदीप कुमार की गैरमौजूदगी में नायब तहसीलदार को दो शिकायती पत्र सौंपे। जिसमें बताया गया हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जिन लाभार्थियों के आवेदन छह माह पहले स्वीकृत हो चुके हैं।
उनके खाते में पहली किस्त की धनराशि नहीं आई तथा जिन आवेदकों को प्रथम किस्त की धनराशि प्राप्त हुए छह माह से अधिक हो गए। उन आवेदकों को भी अभी तक दूसरी व तीसरी किस्त भी नहीं मिल सकी। लाभार्थियों ने बताया कि सर्दी के मौसम में उनके अधूरे पड़े मकानों के कारण उनको परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं।
बताया गया कि इससे संबंधित नगर पालिका में भी कई बार प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। सभी लाभार्थियों ने पीएम आवास योजना की किस्त खातों में भिजवाने की मांग की हैं।
इस दौरान वार्ड सभासद शाहिद हसन, मोहम्मद इलियास, सुधीर चौधरी, इंतजार, वहीदन, विशाखा, मोहम्मद सलमान, नौशाद, फरहा उस्मानी, सकुलत, व पीएम आवास योजना के लाभार्थी रजनीश, कृष्णपाल, राशिद, धर्म सिंह, कासिम, मुकेश, जहांगीर, सोनिया व कविता आदि मौजूद रहें।
‘पीएम आवास योजना के लाभार्थियों का कार्य चयन लखनऊ से बनता हैं। पुराने रुके हुए कुछ लाभार्थियों की कल खातों में किस्त आ चुकी हैं। अन्य लाभार्थियों की भी किस्तों की धनराशि भी जल्द आ जाएगी।’
प्रदीप कांत, जिला परियोजना अधिकारी, डूडा

