- भारतीय किसान संगठन के पदाधिकारी मृतक परिवार को सांत्वना देने पहुंचे
जनवाणी ब्यूरो |
दौराला: कपसाड़ निवासी कुलदीप की हत्या के मामले में बुधवार को भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मृतक के परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। संगठन ने रस्म पगड़ी तक आरोपियों की गिरफ्तारी ना होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बताते चलें कि कपसाड़ गांव निवासी कुलदीप पुत्र प्रमोद की 30 अगस्त को सकौती-मदारीपुर मार्ग पर पैसे ले जाने के बहाने से बुलाकर गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी।
कुलदीप के साथ मौजूद दोस्त सुधांशु ने किसी तरह ईख के खेत में छुपकर अपनी जान बचाई थी। पहले इस हत्या में पैसे के लेन देन का मामला आया, जबकि पुलिस जांच में एक युवती का मामला सामने आया। पुलिस ने हत्या के आरोपियों की पहचान कर ताबड़तोड़ दबिश दी, परंतु सफलता नहीं मिली।
घटना को चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अभी तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। बुधवार को कपसाड़ गांव स्थित मृतक कुलदीप के घर पर भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपक सोम पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिवार को सांत्वना दी।
पिता प्रमोद ने ठाकुर पूरण सिंह को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरनगर के मोरना थाना निवासी हिस्ट्रीशीटर अजित, राहुल व कपिल ने उसके बेटे की हत्या की है। उन्होंने तीनों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
उन्होंने बताया कि छह सितंबर को कुलदीप की रस्म पगड़ी है यदि रस्म पगड़ी तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती तो वह आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। इस दौरान गौरव सोम, विजेंद्र सिसौदिया, प्रशांत सोम , सूरज, विक्रम, चन्दरूप, कृष्णपाल, रामावतार, मनोज सोम आदि मौजूद रहे।

