Tuesday, March 17, 2026
- Advertisement -

पुलिस कर्मी मोबाइल में व्यस्त, पूरा शहर जाम से त्रस्त

  • हाइवे पर हालात बेकाबू, एसपी ट्रैफिक ने खुलवाया जाम
  • एनएच-58 पर सैकड़ों वाहन दौड़ने के बजाए रेंगते हुए आए नजर

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: अजीब हालात है साहब! पूरा शहर जाम के झाम से त्राहिमाम करता रहा, लेकिन पुलिस कर्मी मोबाइल में व्यस्त दिखे। जिससे हाइवे से लेकर शहर के अंदरुनी इलाकों में जाम के हालात विकट बने रहे। एनएच-58 पर रविवार शाम भयंकर जाम के चलते जो सफर महज 10 मिनट में पूरा हो जाता है। उसको बाइक से तय करने में करीब एक घंटे का वक्त लग गया। हाइवे का जो इलाका जाम से कराह रहा था,

वहां थाना पल्लवपुम, कंकरखेड़ा, टीपीनगर व जानी थाना क्षेत्र पड़ता है। भयंकर जाम के चलते सैकड़ों वाहन जाम में फंसे हुए थे, इसके बावजूद किसी भी थाने की पुलिस पूरे हाइवे पर नजर नहीं आयी। पुलिस वाले यदि इस दौरान हाइवे पर जाम के दौरान थोड़ी मुस्तैदी दिखाते तो शायद हालात इतने ज्यादा खराब ना होते। लोग खुद ही जाम से जूझते रहे। हाइवे पर खुद एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाया।

रॉग साइड चलना बना मुसीबत का सबब

जाम में फंसे कार वालों ने जाम से बचने के लिए रॉग साइड से निकलने का प्रयास किया, इसकी वजह से हालात ज्यादा खराब हो गए। रोहटा रोड फ्लाईओवर से कंकरखेड़ा फ्लाईओवर तक सड़क के दोनों ओर कार व बाइक वालों ने रॉग साइड से गाड़ी निकलने का प्रयास किया तो हालत ज्यादा खराब हो गयी। हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लंबा सफर तय कर आने वाले कई लोग तो हाइवे पर जितने भी होटल ढाबे हैं, उन पर ही रुक गए।

हालांकि इसको लेकर होटल ढाबे वाले नाराज भी दिखे, लेकिन वहां की स्थिति इतनी ज्यादा खराब थी कि होटल ढाबों के कैंपस में रुकने के अलावा कोई चारा भी नहीं था। एक तो जाम दूसरे सड़क के दोनों ओर जो गाड़ियां कच्चे से होकर निकल रही थीं, उनकी वजह से धूल ही धूल नजर आ रही थी। सबसे ज्यादा मुसीबत भरा सफर कंकरखेड़ा फ्लाईओवर से लेकर बागपत बाइपास पर नजर आया। इस दौरान कुछ वाहन आपस में भिड़ भी गए।

टोल प्लाजा से गुजरी एक लाख गाड़ियां, वीआईपी भी फंसे

मोदीपुरम: टोल प्लाजा पर भाई दूज के पर्व पर रविवार को भयंकर जाम लग गया। दिन निकलते ही टोल पर जाम लग गया और रात तक टोल पर जाम लगा रहा। टोल प्लाजा पर इस पर्व को लेकर अतिरिक्त कर्मचारी लगाए गए थे, लेकिन उसके बावजूद टोल पर जाम लगा रहा। हाइवे पर इस जाम में पुलिस के अलावा वीआईपी और एंबुलेंस भी फंस गई। जाम में इनके फंसने के कारण हाल बेहाल हो गया। हाइवे पर यात्रियों की बढ़ती तादाद ने जाम की कई किमी लंबी लाइन लगाकर रखी। जाम में लाखों वाहन फंसे रहे। टोल पर आने जाने की अलग-अलग लाइन निर्धारित है, लेकिन इसके बाद भी यहां जाम लगा रहता है। टोल सिस्टम में गड़बड़ी मुख्य कारण है। इसके अलावा कर्मचारियों का ढुल-मुल रवैया भी इसका एक कारण है।

जाम के झाम से शहर में हालात बद से बदतर

मेरठ: भाई दूज का पर्व और कई दिनों के अवकाश की समाप्ति के चलते रविवार को शहर के कई इलाके जाम से हलकान रहे। दूसरे रास्तों के निकलने के प्रयास में अनेक वाहन चालक ज्यादा मुसीबत में फंसे रहे। जाम का सबसे ज्यादा असर दिल्ली रोड, बागपत रोड, टीपीनगर, भूमिया पुल, रुड़की रोड सरीखे इलाकों में नजर आया। दिल्ली रोड पर मेट्रो प्लाजा का आसपास का इलाका जाम से बुरी तरह हलकान रहा। तमाम गाड़ियां जाम के चलते सड़क पर चलने के बजाए रेंगने सरीखी हालत में भी नहीं रहीं। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त हो गयी। ट्रैफिक पुलिस की ओर से बनाया गया हर प्लान दोपहर तक दम तोड़ गया। शायद ही शहर का कोई ऐसा रास्ता रहा हो, जहां लोग जाम में फंसे हो।

शहर के भीतर से लेकर हाइवे तक हालात बद से बदतर दिखाई दिए। ट्रैफिक पुलिस का पूरा फोकस माल रोड और दिल्ली रोड पर रहा। जिस कारण अन्य इलाकों में लोग जाम से जूझने को मजबूर रहे। दोपहर तक सड़कों पर अच्छी खासी भीड़ थी। जैसे-जैसे समय बीता भीड़ जाम में तब्दील हो गयी। गढ़ रोड पर कई जगह भीषण जाम लगता रहा। यहां सेंट्रल मार्केट तिराहा और मेडिकल गेट जाम का मुख्य केंद्र रहे। इसी तरह की स्थिति हापुड़ अड्डे से गांधी आश्रम तक की रही। यहां रह रहकर जाम लगता रहा।

दिल्ली रोड पर केसर गंज, रेलवे रोड चौराहा, ईदगाह चौराहा, बहादुर मोटर्स तो बागपत रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर और नवीन मंडी पर वाहन जाम में फंसे दिखाई दिए। ब्रह्मपुरी में शारदा रोड, लिसाड़ी गेट चौराहा, गोला कुआं पर वाहनों की कतार लगी रही। इसी तरह के हालात हापुड़ रोड के रहे। यहां एल ब्लॉक तिराहा से तेजगढ़ी चौराहा तक भीषण जाम से लोग जूझते रहे। बिजली बंबा बाइपास पर भी दोपहर से लेकर रात तक जाम की चपेट में रहा। रोहटा रोड बाइपास, कंकरखेड़ा बाइपास और बागपत बाइपास पर भी जाम मुसीबत बना रहा।

यहां जाम लगा होने से लोग परेशान दिखे। मॉल रोड पर वन वे की व्यवस्था रहने के बाद भी हालात कुछ खास नहीं रहे। यहां भी यातायात बाधित रहा। यहां भी टैंक चौराहे से छह बत्ती वाला पीर तक वाहनों की कतार लगी थी। एसपी टैÑफिक राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि पर्व को देखते हुए शहर में जाम से निपटने के लिए खास व्यवस्था की गई थी। वाहनों की संख्या बहुत अधिक थी। कुछ जगह दिक्कत पेश आ रही थी, लेकिन वहां भी ट्रैफिक पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

UP: मुरादाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार, चार युवकों की मौत

जनवाणी ब्यूरो । नई दिल्ली: भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी।...

सिलेंडर बिन जलाए रोटी बनाने की कला

मैं हफ्ते में एक दिन आफिस जाने वाला हर...

सुरक्षित उत्पाद उपभोक्ता का अधिकार

सुभाष बुडनवाला हर वर्ष 15 मार्च को विश्व भर में...

पुराना है नाम बदलने का चलन

अमिताभ स. पिछले दिनों, भारत के एक राज्य और कुछ...
spot_imgspot_img