- थाना पुलिस ही नहीं आलाधिकारियों को भी एफआईआर दर्ज कराने में करते हैं गुरेज
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लूटपाट सरीखी वारदातों में लिखा पढ़ी न करने के लिए बदनाम मेरठ पुलिस अब और चार कदम आगे बढ़ गयी है। लूट वारदातों के इतर अब मौत मामलों खासकर ऐसे मामले, जिनमें हत्या के आरोप मरने वाले के परिजन लगा रहे हैं, उसके बाद भी लिखा-पढ़ी नहीं की जा रही है। ऐसे मामलों में पुलिस के रवैये से हताश पीड़ित पक्ष पुलिस के बड़े अधिकारियों से भी गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उसके बाद भी पुलिस लिखा पढ़ी को तैयार नहीं। इतना ही नहीं ऐसे मामले लगातार बढ़ रहे हैं जिनमें पुलिस लिखा पढ़ी से कन्नी काटती है।
केस-1
विगत एक जून को टीपीनगर थाना क्षेत्र में चंद्रलोक कालोनी निवासी युवक राहुल पुत्र संजय का शव मलियाना के रेलवे लाइन के समीप बरामद हुआ था। उसके जिस्म पर गहरी चोट के निशान थे। परिजनों ने बहसूमा निवासी एक परिवार पर राहुल की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने आज तक मामला दर्ज नहीं किया। बीते शुक्रवार को राहुल के परिजन एसएसपी से आरोपियों पर एफआईआर की गुहार लगाने पहुंचे थे, लेकिन उसके बाद भी तहरीर के आधार पर लिखा पढ़ी नहीं की गयी।
केस-2
16 जून को भावनपुर थाना के अमरसिंहपुर में एक घर में युवक व युवती के गोली लगे शव बरामद हुए थे। आरोप था कि मामला आॅनरकिलिंग है। शव युवती के घर में बरामद हुए थे। दो लोगों की गोली लगने से मौत की घटना के छह दिन बाद भी पुलिस ने अभी लिखा पढ़ी तक नहीं की है। पुलिस इसको लेकर अजीब तर्क दे रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों ही पक्ष कह रहे हैं कि यदि दूसरे पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया तभी उनकी तहरीर पर लिखा पढ़ी की जाए। युवक युवती की मौत मामले में पुलिस किसी की भी तहरीर पर लिखा पढ़ी को तैयार नहीं।
केस-3
परीक्षितगढ़ थाना के गांव अमरसिंहपुर में एक युवक का गोली लगा शव मिला। परिजनों ने गांव के दो सगे भाइयों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। जिनके खिलाफ तहरीर दी गई है उनके खिलाफ पूर्व में हत्या की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। परिजनों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की बाद की पुष्टि होने के बाद भी पुलिस लिखा पढ़ी को तैयार नहीं।
कटान के लिए जा रही चोरी की बाइक पकड़ी
दौराला: पुलिस ने शुक्रवार देर रात कटान के लिए जा रही चोरी की डेढ़ दर्जन से अधिक बाइकों को एक पिकअप से बरामद किया। पिकअप सवार पुलिस के पीछा करने पर पिकअप को छोड़कर भाग निकले। पुलिस पिकअप व बाइकों को कब्जे में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जायेगा।
लावड़ रोड पर शुक्रवार देर रात दौराला पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस को एक पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर पिकअप सवारों ने गाड़ी को तेजी से भगा लिया। पुलिस ने शक होने पर पिकअप का पीछा किया। पुलिस को देख आरोपी पिकअप छोड़कर खेतों के रास्ते भाग निकले। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। पिकअप की तलाशी ली तो गाड़ी से लगभग 20-21 पुरानी बाइक कटे हुए चेसिस समेत बरामद की।
साथ ही पिकअप में कुछ पार्टस भी बरामद किए गए। पुलिस बरामद बाइक व पिकअप को कब्जे में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने बाइकों की जांच की तो पांच बाइक अभी तक चोरी की निकली। अन्य बाइकों की भी पुलिस जांच करने में जुट गई है। माना जा रहा है कि बाइकों को चोरी करने के बाद उन्हें कटान के लिए ले जाया जा रहा था। हाल ही में सोतीगंज में दोबारा चोरी के वाहन काटे जाने की सूचना सामने आई थी,
जिस पर एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने छापेमारी भी की थी। भारी संख्या में पिकअप से बरामद चोरी की पुरानी बाइकों से अंदाजा यही लगाया जा रहा है कि सोतीगंज में चोरी के वाहन काटने वाले कबाड़ी फिर से सक्रिय हो गए है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। दावा किया जा रहा है कि जल्द पुलिस आरोपियों को पकड़कर घटना का खुलासा करेगी।

