- दोनों दोस्त सोमवार की रात होटल से खाना लेकर जा रहे थे अपने घर
- पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान सीसीवीटी कैमरे चेक करते जा रहा था कोतवाली
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: बिजनौर में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। वहीं नगीना में अपने पति के साथ जंगल से चारा लेकर आ रही महिला को डीसीएम ने टक्कर मार दी। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अफजलगढ़ कोतवाली मे तैनात पुलिसकर्मी की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। ने सड़क पार कर रहे कोतवाली में तैनात सिपाही को टक्कर मार दी। घटनाओं से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।
नगीना थाना क्षेत्र के गांव चमरावाला निवासी लविन सिंह परिवार के साथ बिजनौर शहर के टयूबवेल कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। वह विकास भवन में आरईएस में बाबू हैं। सोमवार रात उनका बड़ा पुत्र कार्तिक (20वर्ष) अपने रिश्तेदार रोबिन (25वर्ष) पुत्र राजपाल सिंह निवासी हमीदपुर शहर कोतवाली के साथ बैराज रोड पर एक होटल से खाना लेने गए थे। दोनों अच्छे दोस्त भी थे।
होटल से खाना लेने के बाद उनकी बाइक नेहरु स्टेडियम के सामने पहुंची, तभी एक भैंसा-बुग्गी से बचने के प्रयास में किसी वाहन से टकरा गए। दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल युवकों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। सूचना पर स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कार्तिक बीएससी फाइनल का छात्र था। दो भाईयों में वह बड़ा था। वहीं रोबिन के तीन भाई हैं। दोनों मृतक अविवाहित थे। मृतक रोबिन के पिता राजपाल सिंह की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसएसआई सुनील कुमार ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है।

नगीना थाना क्षेत्र के ग्राम भूरापुर निवासी मुन्नू की (52वर्ष) पत्नी गुड्डी जंगल से अपने पति के साथ चारा लेकर आ रही थी। जब वह गांव के पास पहुंची तो नहटौर की दिशा से आ रही डीसीएम ने गुड्डी को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और उसका पति बाल-बाल बच गया।
हादसे की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण व पुलिस घटनास्थल पर दौड़ गई। हादसे के बाद चालक डीसीएम छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर पर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी कृष्ण मुरारी दोहरे ने बताया कि चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा व डीसीएम को कब्जे में ले लिया।
कोतवाली अफजलगढ़ में कम्प्यूटर आपरेटर के पद पर तैनात सिपाही त्रिवेश वर्मा उम्र (28वर्ष) पुत्र अशोक कुमार वर्मा निवासी ग्राम बड़का थाना बड़ौत, जनपद बागपत सोमवार रात ड्यूटी पर तैनात था। ड्यूटी के दौरान सीसीटीवी कैमरे चैक करके वह कोतवाली वापस आ रहा था।
कोतवाली के बाहर सड़क पर अज्ञात वाहन ने सिपाही को टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिसकर्मियों ने घायल को अस्पताल भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। त्रिवेश वर्मा पुलिस महकमें में 2017 में भर्ती हुआ था। वह अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था और अभी तक अविवाहित था। दो माह बाद मृतक शादी होने थी।
सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया है। शव का पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिया गया है। सीओ सुनीता दहिया, कोतवाल नरेश कुमार, एसएसआई अरविंद कुमार भदौरिया, कस्बा इंचार्ज किरनपाल सिंह, एसआई साहब सिंह ने आसपास खड़े वाहन चालकों से घटने की जानकारी ली। वहीं सीएचसी अफजलगढ़ में चेयरपर्सन पति सलीम अंसारी एडवोकेट, पूर्व चेयरमैन जावेद विकार, वसीम अंसारी, सभासद कलवा कुरैशी, इश्हाक उस्मानी ने मृतक के पिता को सांत्वना दी।

