जनवाणी संवाददाता |
ऊन: पुलिस ने चौसाना- थानाभवन मार्ग पर दाढ़ी नगर के पास अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है ।जिसके कब्जे से पुलिस ने 480 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया और एक स्कूटी को भी बरामद किया गया है।
अफीम की तस्करी हरियाणा के शहर में होनी थी लेकिन पुलिस ने जाल बिछाया और 5 घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
चौसाना चौकी क्षेत्र के गांव प्रधान नगर निवासी पीपल पुत्र दर्शन सिंह 480 ग्राम अफीम को हरियाणा के शहर में बेचने जा रहा था। रविवार की सुबह जैसे ही पुलिस को मुखबिर की सूचना मिली तो पुलिस एक्टिव मोड में आ गई।
पुलिस ने एक टीम बनाकर सड़क पर सिविल ड्रेस के साथ निगरानी शुरू कर दी। जैसे ही तस्कर घर से चला तो अगले ही गांव दाढ़ी नगर के जंगल में पुलिस ने तस्कर पीपल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने एक एक्टिवा को भी बरामद किया है जिस पर तस्कर सवार था । जानकारी के अनुसार अफीम को हरियाणा भेजा जाना था लेकिन उससे पहले ही पुलिस को सूचना मिल गई। बताते हैं कि उक्त युवक कई वर्षों से अफीम सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा हुआ है।
पुलिस चौकी इंचार्ज रविंद्र कुमार का कहना है कि मुखबिर की सूचना के आधार पर तस्कर की गिरफ्तारी हुई है आरोपी को मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

