- सपा, आजाद समता पार्टी व रालोद से चरणजीत कौर को पहले ही किया जा चुका घोषित
- भाकियू से दिगंबर सिंह पत्नी और निर्दलीय शहनवाज राणा की पत्नी भी ठोक रहे ताल
जनवाणी संवाददाता |
बिजनौर: जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है। जबकि सपा व आजाद समता पार्टी और रालोद ने चरणजीत कौर को पहले ही अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया।
जनपद में जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए बिगुल बज चुका। जिला पंचायत सदस्य का चुनाव होते ही दावेदारों ने संपर्क साधना शुरू कर दिया था। सदस्य का परिणाम घोषित होते ही उम्मीदवारों की बोली लगनी शुरू हो गई थी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने दो नाम आला कमान को भेजे थे।
इनमें एक पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह और दूसरा आयुष चौहान का नाम आ रहा था। भाजपा ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। उधर दूसरे खेमे में रोष है। ऐसे में भाजपा में भी फूट पड़ने की प्रबल संभावनाएं जताई जा रही है।
साथ ही विपक्ष के सपा, आजाद समता पार्टी और रालोद ने सरदार मनदीप सिंह की पत्नी चरणजीत कौर को अपना प्रत्याशी बनाया है। उधर माना जा रहा है कि भाकियू ने दिगंबर सिंह की पत्नी निगम सिंह और निर्दलीय प्रत्याशी शाहनवाज राणा की पत्नी इंतख्वाब राणा भी जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए ताल ठोक रहे हैं।

