जनवाणी संवाददाता |
बिनौली: नौ सौ मीटर कृषि भूमि कम कर दिये जाने से क्षुब्ध जिवाना गुलियांन के एक किसान ने दोबारा फिर से अपने खेत पर धरना शुरू कर दिया है। जल्द ही समस्या का समाधान न होने पर किसान ने अनशन शुरू करने की भी चेतावनी दी है।
जिवाना गुलियांन गांव निवासी किसान हरेंद्र पुत्र भवंर सिंह ने आरोप लगाया है कि राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने उसके पड़ोसी किसान से मिलकर पैमाइश में उसकी नो सौ मीटर कृषि कम कर दी है। वहॉ कई वर्षों से मौजूद चकरोड को राजस्व विभाग अब उसके खेत से निकलवाना चाहता है। विपक्षी किसान ने उसके खेत में खड़े विधुत जोड़े व नलकूप के हौज व पुरानी चकरोड को क्षति ग्रस्त भी कर दिया।
पीड़ित किसान की आत्मदाह की चेतावनी पर राजस्व विभाग ने स्थिति को ज्यों त्यों बनी रहने के आदेश दिये थे किंतु विपक्षी किसान आये दिन उसके नलकूप के हौज को तोड़ने की कोशिश करता है। किसान हरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि राजस्व विभाग अब उसकी सुनवाई नही कर रहा है।
क्षुब्ध किसान ने बीते माह एसडीएम बड़ौत को प्रार्थना पत्र देकर धरना शुरू किया था तो एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल रामपाल यादव, सुरेश चंद्र शर्मा, विरेंद्र सिंह आदि राजस्वकर्मियों की टीम वहॉ पहुंची थी। किसान को समस्या का निस्तारण करने का आश्वाशन देकर धरना समाप्त कराया था लेकिन उस दिन आज कोई भी राजस्वकर्मी किसान के पास नही पंहुचा इससे किसान आहत है।
किसान ने सोमवार को दोबारा फिर से धरना शुरू कर दिया है इस बार किसान ने चेतावनी दी है कि जब तक उसकी समस्या का समाधान नही हो जाता तब तक वह धरने से नही हटेगा ओर अनशन भी करेगा।

