जनवाणी संवाददाता |
देवबंद: ग्रामीण ने प्रॉपर्टी डीलर पर प्लाट बेचने के नाम पर धोखाधड़ी कर रकम हड़प लेने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव मानकी निवासी गुलशेर ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि देवबंद में प्रॉपर्टी बेचने का कार्य करने वाले दो लोगों ने उसे नगर के बैरून हदूद में एक प्लाट दिखाकर उनसे उसका सौदा कर लिया। चेक के माध्यम से उसने पैसों का भुगतान कर दिया। जब वह 23 फरवरी को प्लाट का बैनामा कराने रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचा तो पता चला कि उक्त प्लाट किसी महिला का है।
शक होने पर जब उसने पूछताछ की तो आरोपी वहां से भाग निकले। पीड़ित ने आरोपितों के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी एचएन सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।

