जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पुणे से बेंगलुरु जा रही अकासा एयर की एक उड़ान को मंगलवार सुबह आखिरी समय में पुणे एयरपोर्ट पर रोक दिया गया। विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण उड़ान भरने से पहले ही यात्रियों को विमान से उतारना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, अकासा एयर की यह फ्लाइट सुबह 8:50 बजे रवाना होने वाली थी। यात्रियों को सुबह 8:10 बजे बोर्डिंग करवा दी गई थी और विमान उड़ान की तैयारी कर रहा था, तभी तकनीकी खामी सामने आई। इसके बाद सुरक्षा कारणों से उड़ान को रोक दिया गया।
डेढ़ घंटे तक विमान में बैठे रहे यात्री
जिस विमान में खराबी आई, वह बोइंग 737 मैक्स था। तकनीकी समस्या के कारण यात्री करीब डेढ़ घंटे तक विमान के अंदर ही बैठे रहे। जब समस्या का समाधान नहीं हो सका, तो अंततः सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया।
विमान में सवार एक यात्री ने बताया, “अकासा एयर की बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट QP1312, जो 13 जनवरी को पुणे से रवाना होनी थी, टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी दिक्कत के कारण रोक दी गई। बाद में सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया, लेकिन उड़ान के नए समय की तत्काल घोषणा नहीं की गई।”
अकासा एयर का बयान
अकासा एयर ने इस मामले पर बयान जारी करते हुए कहा कि उड़ान संख्या QP1312 में तकनीकी खराबी के कारण देरी हुई है। एयरलाइन के अनुसार, यह उड़ान अब दोपहर 1:15 बजे रवाना होगी। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए एयरलाइन ने खेद जताया है।
अकासा एयर की आगे की योजनाएं
इस बीच अकासा एयरलाइंस फरवरी के अंतिम सप्ताह में वाराणसी से जेवर एयरपोर्ट, पुणे और अहमदाबाद के लिए नई उड़ान सेवाएं शुरू करने की तैयारी कर रही है। अकासा एयरलाइंस के यूपी सेल्स हेड राहुल सिंह ने बताया कि वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसे देखते हुए नई सेवाएं शुरू की जा रही हैं।

