- रेलवे के जीएम और डीआरएम के साथ स्टेशन अधीक्षक ने बुके देकर किया केंद्रीय रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव का स्वागत
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: गुरुवार को दोपहर करीब एक बजे केंद्रीय रेलमंत्री सिटी स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान रेलवे के जीएम एवं डीआरएम के साथ ही स्टेशन अधीक्षक ने बुकें भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन परिसर का निरीक्षण भी किया। सांसद राजेंद्र अग्रवाल एवं राज्यसभा सांसद कांता कर्दम के साथ महापौर हरिकांत अहलूवालिया और भाजपा महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज से स्टेशन के दोनों तरफ शहर की आबादी के हिसाब से क्या स्थिति है।

उसके बारे में जानकारी की। केंद्रीय रेलमंत्री ने चित्र प्रदर्शन की अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने करीब 200 करोड़ की लागत से बनने वाले विश्वस्तरीय स्टेशन के लिए जो तीन मॉडल तैयार कर प्रदर्शनी में प्रदर्शित किए गए। इस दौरान रेलमंत्री ने कहा कि जनता एवं जनप्रतिनिधि के सुझाव के बाद ही स्टेशन के मॉडल के फाइलन को अंतिम रूप दिया जायेगा।
स्टेशन पर मात्र 20 मिनट रुके केंद्रीय रेलमंत्री
रेलमंत्री दोपहर ठीक एक बजे स्टेशन पर पहुंचे, इस दौरान उनका भव्य स्वागत किया गया। उनके द्वारा रेलवे के अधिकारियों से वार्ता की ओर स्टेशन परिसर का भ्रमण किया। चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया साथ ही पत्रकारों से प्रेसवार्ता भी की जिसके बाद वह सर्किट हाउस के लिए एक बजकर 20 मिनट पर वहां से काफिले के साथ रवाना हो गए।
रेलमंत्री का कार्यक्रम बुधवार को पहुंचा
भारतीय जनता पार्टी के विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शामिल होने के लिए गुरुवार को मेरठ पहुंचे। रेलमंत्री का रेलवे स्टेशन का कार्यक्रम भी निर्धारित हो गया। जिसकी सूचना मीडिया को नहीं दी, लेकिन स्टेशन अधीक्षक आरपी सिंह एक परिवार के शादी समारोह के लिए अवकाश पर गए हुए थे,

वह बीच में ही छुट्टी रद्द कर गुरुवार को सुबह ही स्टेशन पर आ पहुंचे,ओर व्यवस्था बनाई। जिसमें स्टेशन की साफ-सफाई एवं चित्र प्रदर्शनी आदि लगवाई। स्टेशन पर रेलमंत्री के कार्यक्रम की जानकारी पहले से मीडिया को नहीं दी गई।
चार मंजिला स्टेशन भवन की दो मंजिल कमर्शियल यूज के लिए होंगी
क्रांतिधरा का जो स्टेशन 200 करोड़ से अधिक के बजट में विश्वस्तरीय एवं अत्याधुनिक तकनीक से तैयार होगा। उसमें चार मंजिला भवन बनेगा ओर दो मंजिला कमर्शियल यूज के लिए दिया जायेगा। ताकि रेलवे को भवन के कमर्शियल यूज से कुछ आर्थिक फायदा भी हो सके। रेलमंत्री ने सिटी स्टेशन पर चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से क्रांतिधरा के इतिहास एवं क्रांतिकारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान घंटाघर, हस्तिानापुर के साथ विश्व प्रसिद्ध चर्च एवं अन्य ऐतिहासिक धरोहरों के इतिहास को विस्तार से जाना। साथ ही प्रदर्शनी में क्रांतिकारियों के नामों को भी प्रदर्शित किया गया। जिनके बारे में उन्होंने जानकारी हासिल की। इस मौके पर जीएम भुवन चौधरी, डीआरएम सुखविंद्र सिंह व स्टेशन अधीक्षक आरपी सिंह मौजूद रहे।
रेलवे रोड पर गड्ढों के बीच से होकर गुजरा रेलमंत्री का काफिला
क्रांतिधरा पर महाराणा प्रताप प्रांगण (जिमखाना मैदान) में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रेलमंत्री के वाहनों का काफिला टूटी फूटी गड्डा युक्त सड़कों से होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचा। शायद रेलमंत्री ने सोचा नहीं होगा कि क्रांतिधरा की सड़कें किसी ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों से भी बदतर स्थिति में हैं। शहर की सड़कों पर भारी संख्या में डग्गामार वाहन दौड़ते हैं, जिनके कारण जाम की समस्या बनी रहती है।
साथ ही सड़कों में गड्ढे और वाहनों के आवागमन से उनमें उड़ती धूल इन सबको देखते हुए जिस रास्ते से मंत्री का काफिला गुजरा उधर सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया गया। साथ ही पुलिस कर्मियों ने वाहनों का अवागमन सुचारू कराया और कुछ वाहनों का रूट बदला और तब जाकर मंत्री जी का काफिला उधर से गुजरा, लेकिन सड़क में बने गड्ढों में उनकी गाड़ी हिचकौले खाते हुए स्टेशन पहुंची। उधर स्टेशन से वापस फिर से गड्ढों वाले रास्ते से ही वह सर्किट हाउस के लिए रवाना हुए। इस दौरान सड़कों में बने गड्ढों को देख वह हैरत में पड़ गए कि आज भी इस तरह की स्थिति शहर की सड़कों की है।

