नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा की डेब्यू फिल्म ‘मेहर’ आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। इस फिल्म में वे पहली बार अभिनय करते नजर आ रहे हैं। उनके साथ प्रमुख भूमिका में अभिनेत्री गीता बसरा भी दिखाई देंगी। फिल्म की रिलीज के मौके पर सुर जागृति फाउंडेशन ‘मेहर’ से जुड़ गया है। यह फाउंडेशन फिल्म का एनजीओ पार्टनर बना है। इस मौके पर राज कुंद्रा ने बड़ा एलान किया है।
राज कुंद्रा ने कार्यक्रम के दौरान की बड़ी घोषणा
दरअसल, राज कुंद्रा ने कार्यक्रम के दौरान एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पंजाब में आई बाढ़ को देखते हुए ‘मेहर’ फिल्म के पहले दिन की पूरी कमाई बाढ़ पीड़ितों को समर्पित की जाएगी। उन्होंने कहा कि रिलीज डेट टालने से कोई लाभ नहीं, बल्कि पीड़ितों की मदद जरूरी है। इसके अलावा स्वामी प्रेमानंद को किडनी दान करने से जुड़े सवाल पर राज कुंद्रा ने स्वीकार किया कि उन्होंने स्वयं उनसे अनुरोध किया था कि वे अपनी किडनी देना चाहते हैं ताकि स्वामी जी समाज सेवा का कार्य जारी रख सकें। कार्यक्रम में गीता बसरा ने फिल्म ‘मेहर’ के विषय पर कहा कि यह कहानी बताती है कि एक इंसान अपने परिवार के लिए किस हद तक कुर्बानियां कर सकता है।
पगड़ी धारण करने और सिख धर्म अपनाने पर दीं शुभकामनाएं
इस मौके पर फिल्म की लीड कास्ट राज कुंद्रा और अभिनेत्री गीता बसरा को भी दिल्ली पहुंचना था, लेकिन भारी बारिश के कारण ऐसा नहीं हो सका। इसलिए दोनों वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस कार्यक्रम से जुड़े और उसे संबोधित किया। इस मौके पर बंगला साहिब गुरुद्वारे के चेयरमैन सुरजीत सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने राज कुंद्रा को दोबारा बाल व पगड़ी धारण करने और सिख धर्म अपनाने पर शुभकामनाएं दीं।

