- नारे लिखी तख्तियां लेकर विधायक सदन की बेल में आए
जनवाणी संवाददाता |
शामली: उप्र विधानसभा के बजट सत्र के प्रथम दिन रालोद विधायकों ने सरकार से लाभकारी गन्ना मूल्य घोषित,आवारा पशुओं से निजात दिलाने, युवाओं को स्थायी नौकरी दिलाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
सोमवार को विधानसभा सदन में राज्यपाल आनंदी बेन के बजट अभिभाषण का विपक्षी दलों ने विरोध किया। इस दौरान रालोद विधायक नारे लिखी तख्तियां लेकर बेल में आ गए।
इस दौरान शामली से विधायक प्रसन्न चौधरी ने कहा कि जनता ने हमें अपना जनप्रतिनिधि चुनकर विधानसभा में भेजा है और हमारा कर्तव्य है कि हम उनकी आवाज को बुलंद तरीके से सदन मे उठाये। इस समय सरकार न तो किसानों को गन्ने का लाभकारी मूल्य दे पा रही है, और आवारा पशु किसानों की गेहूं की खडी फसल को बर्बाद कर रहे हैं। आवारा पशुओं से किसान को दोहरी मार पड़ रही है।
आज किसान महंगाई से जूझ रहा है, युवा बेरोजगार है। उन्होंने कहा कि जब तक सदन के अंदर किसान हित, युवाओं को रोजगार की बातें नहीं होंगी, राष्ट्रीय लोकदल के विधायक विरोध करते रहेंगे। इस दौरान उनके साथ थानाभवन रालोद विधायक असरफ अली खान तथा विधायक पुरकाजी विधायक अनिल कुमार भी हंगामा प्रदर्शन करने वाले विधायकों में शामिल रहे।

