जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: सिनेमा जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज अभिनेता रमेश देव का निधन हो गया। अभी तीन दिन पहले ही अभिनेता ने अपना 93 वां जन्मदिन मनाया था। अभिनेता रमेश देव ने मराठी फिल्मों से लेकर कई बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय किया था। उन्होंने बॉलीवुड में कई शानदार फिल्में दीं और फिल्म उद्योग में अपने अभिनय से नाम कमाया।
एक्टर रमेश देव मूल रूप से कोल्हापुर महाराष्ट्र के रहने वाले थे। उन्होंने राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्म ‘आरती’ हिंदी सिनेमा में अपने अभिनय के करियर की शुरुआत की थी। अपने लंबे फिल्मी करियर में रमेश देव ने कई बड़े स्टार्स के साथ काम किया और अपने अभिनय के बल पर मराठी फिल्मों से लेकर बॉलीवुड तक में अपना मुकाम बनाया था।
अभिनेता रमेश देव ने अपने लंबे फिल्मी करियर में सोने पर सुहागा, आजाद देश के गुलाम, कुदरत का कानून, इलजाम, पत्थर दिल, हम नौजवान, कर्मयुद्ध, मैं आवारा हूं, आखिरी दांव, प्रेम नगर, कोरा कागज, जैसी कई फिल्मों में शानदार अभिनय किया।
अगर बात करें उनके निजी जीवन की तो अभिनेता रमेश देव ने सीमा देओ से शादी की थी। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम भी किया और ये फिल्में हिट भी रहीं। रमेश देव और सीमा देव ने साल 1962 में आई फिल्म ‘वरदक्षिणा’ में साथ काम किया और इस फिल्म के बाद दोनों ने एक दूसरे से शादी करने का फैसला किया।

