नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। हर साल 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी के जन्म दिवस के मौके पर गांधी जयंती मनाई जाती है। मोहनदास करमचंद गांधी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 में गुजरात के पोरबंदर में हुआ था। उन्होंने भारत की आजादी की लड़ाई में बेहद अहम भूमिका निभाई थी जिसे आज भी याद किया जाता है। इतना ही नही बॉलीवुड में भी बापू के जीवन पर आधारित कई फिल्में बन चुकी हैं। गांधी जयंती के मौके पर उनके जीवन और चरित्र पर आधारित फिल्मों के बारे में लोगों को जानने की इच्छा होती है। आइए आपको बताते हैं, इन फिल्मों के बारे में जिनके जरिए हम ‘गांधी’ को समझ सकते हैं।
गांधी
बता दें कि, महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘गांधी’ मुख्य भूमिका में ब्रिटिश अभिनेता बेन किंग्सले थे। साल 1982 में फिल्म को रिचर्ड एटनबरो द्वारा निर्देशित किया गया था। फिल्म ने आठ ऑस्कर अवॉर्ड अपने नाम किए थे। ये फिल्म 30 नवंबर 1982 रिलीज हुई थी। ये फिल्म महात्मा गांधी के जीवन सार पर आधारित है।
नाइन ऑवर्स टू रामा
‘नाइन ऑवर्स टू रामा’ फिल्म साल 1963 में रिलीज हुई थी। ये फिल्म भारतीय स्वतंत्रता नेता गांधी की हत्या के पहले के कुछ घंटों पर आधारित है। इस फिल्म में नाथूराम गोडसे की काल्पनिक कहानी और हत्या को रोकने के लिए पुलिस के प्रयासों को दिखाया गया है। यह स्टेनली वोलपर्ट के 1962 के इसी नाम के उपन्यास पर आधारित हैं।
हे राम
भारतीय ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म ‘हे राम’ को निर्देशन और लेखन कमल हसन ने किया है। यह फिल्म भारत के विभाजन और नाथूराम गोडसे द्वारा महात्मा गांधी की हत्या को दर्शाती है। यह फिल्म साल 2000 में रिलीज हुई थी। फिल्म में कमल हासन, शाहरुख खान, हेमा मालिनी, रानी मुखर्जी ने काम किया था।
लगे रहो मुन्ना भाई
राजकुमार हिरानी की कॉमेडी ड्रामा फिल्म ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ साल 2003 में आई थी। फिल्म में अंडरवर्ल्ड का डॉन महात्मा गांधी के दर्शन करना शुरू कर देता है। गांधी के साथ अपनी बातचीत के माध्यम से वह गांधीगिरी का अभ्यास करना शुरू कर देता है, ताकि आम लोगों की समस्याओं को सुलझा सके। इस फिल्म में संजय दत्त मुख्य भूमिका में हैं।
द मेकिंग ऑफ द महात्मा
फिल्म ‘द मेकिंग ऑफ द महात्मा’ महात्मा गांधी के दक्षिण अफ्रीका में 21 वर्षों के दौरान शुरुआती जीवन पर आधारित है। फिल्म साल 1996 में अंग्रेजी भाषा में रिलीज हुई थी। फिल्म में रजित कपूर और पल्लवी जोशी ने काम किया था।

