जनवाणी संवाददाता |
बागपत: नगर के रालोद कार्यालय पर बुधवार को छत्तीसगढ में नक्सलियों के हमले में शहीद हुए पांच जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। साथ ही केन्द्र सरकार से शहीदों को एक-एक करोड़ का मुआवजा व शहीद का दर्जा देने की मांग की।
नगर के रालोद कार्यालय पर छत्तीसगढ में नक्सलियों के हमले में शहीद हुए पांच जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए मंडल महासचिव ओमबीर ढाका ने कहा कि नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ प्रदेश में आए दिन देश के रक्षक अर्द्धसैनिक बल तो कभी सेना के जवान शहीद होते रहते है, लेकिन केन्द्र सरकार ने कभी भी नक्सलियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए।
कहा कि जब तक सरकार सख्त कार्रवाई नहीं करेगी तब तक नक्सलवाद का सफाया नहीं हो सकता। उन्होंने सरकार से शहीदों के परिवार को एक-एक करोड़ का मुआवजा व शहीद का दर्जा देने, परिवार को सरकारी नौकरी देने की मांग की। उन्होंने सभी शहीदों की आत्मा शांति व घायलों के स्वस्थ होने की कामना की। इस मौके पर कंवरपाल हुड्डा, अनिरूद्ध शर्मा, विक्रम पांचाल, अकरम पठान, अजहर खान, सुधीर, अमित, योगेन्द्र, रवि, सचिन आदि मौजूद रहे।

