- गोली लगने से बदमाश घायल, अस्पताल में भर्ती
जनवाणी संवाददाता |
खेकड़ा: कोतवाली क्षेत्र में एनबीसीसी कालोनी के निकट लूटकर भाग रहा बदमाश पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई कार, मोबाइल, एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए है। बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश का एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
कार चालक मौसम कुमार के अनुसार मंगलवार को दो लोगों ने उसकी कार छपरौली के लिए किराए ली थी। वापसी देर शाम थाना ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में गांव मंडौला के निकट बदमाशों ने चालक से कार व उसका मोबाइल फोन छीन लिए। इस बीच चालक का बदमाशों ने बांधकर जंगल में डाल दिया और दूसरा बदमाश कार बड़ौत की तरफ भाग लिया।
इस दौरान एक बदमाश चालक के पास ही मौजूद रहा। बदमाश के जाने के चालक ने खेकड़ा पुलिस को कार लूट की सूचना दी। इसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई और चालक को साथ लेकर बदमाशों की तलाश शुरू की। खेकड़ा थाना क्षेत्र में डूंडाहेड़ा चेकपोस्ट के पास पुलिस की नाकाबंदी देखकर बदमाश ने कार एनबीसीसी कालोनी के पास छोड़ कर भागने का प्रयास किया।
आरोप है कि पुलिस ने जब बदमाश को रूकने के लिए कहा तो बदमाश पुलिस पर फायर कर भागने लगा। पुलिस ने भी जबाब में गोली चलाई और घेराबंदी कर बदमाश को दबोच लिया। इस दौरान गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश कोउपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ के दौरान बदमाश ने अपना नाम अंकित कुमार पुत्र रामपाल सिंह बताया। वह थाना छपरौली क्षेत्र के गांव बौढ़ा का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चालक से लूटी गई कार व मोबाइल तथा एक तमंचा मय दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। उसके दूसरे साथी का नाम सचिन शर्मा बताया गया है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पुलिस फरार बदमाश की तलाश कर रही है और भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

