- सुबह के समय वॉकिंग करने वाले लोगों को हो रही परेशानी, प्रदूषण विभाग मौन
जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा: एनएच-58 पर जाटोली कट के निकट रोड़ी मिक्सिंग प्लांट से निकलने वाले धुएं ने लोगों का सांस लेना भी मुश्किल कर दिया है। सुबह के समय जो लोग स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए वॉकिंग करने आते हैं। उन्हें प्रदूषण युक्त वायु में सांस लेना पड़ रहा है।
एनएच-58 पर जाटोली कट के निकट कई वर्षों से रोड़ी मिक्सिंग प्लांट लगा है। जो प्रतिदिन अंधेरा होने के बाद चालू हो जाता है और सुबह नौ बजे तक चलता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय जब वॉकिंग के लिए लोग निकलते हैं। तो उस समय उन्हें स्वच्छ वायु के स्थान पर प्रदूषण युक्त वायु मिलती है। जिस कारण खांसी जैसी समस्या और फेफड़ों के रोग यहां के निवासियों में पनप रहे हैं।

लोगों का कहना है कि कई बार प्रदूषण विभाग अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इन लोगों पर काफी मेहरबान दिखाई दे रहा है। जो लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। हालात यह हो गए हैं कि सुबह के समय यहां से गुजरना भी लोगों को मुश्किल हो जाता है।
आसपास की कॉलोनियों और कई किलोमीटर दूर तक धुएं के गुब्बार पृथ्वी से कुछ ऊंचाई से लेकर आकाश तक छाए रहते हैं। लोगों ने रोड़ी प्लांट को यहां से हटाने के लिए अधिकारियों से शिकायत भी कर चुके, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है। लोगों का कहना है यह सब प्रदूषण विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से ही चल रहा है।

