बिहार मतदाता सूची और ऑपरेशन सिंदूर पर विपक्ष का विरोध तेज
जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: मंगलवार को संसद की कार्यवाही शुरू होते ही जोरदार हंगामा देखने को मिला। बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर विपक्षी सांसदों ने लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में नारेबाजी की। लोकसभा अध्यक्ष ने पहले कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक स्थगित किया, लेकिन जब हंगामा नहीं रुका तो इसे दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया।
राज्यसभा में भी उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की अनुपस्थिति में उपसभापति हरिवंश ने कार्यवाही चलाई, लेकिन विपक्ष के विरोध के चलते राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
मकर द्वार पर विपक्ष का प्रदर्शन, राहुल और अखिलेश भी शामिल
बिहार मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्षी दलों ने संसद के बाहर मकर द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए।

