नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉट कॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार ने सकारात्मक रुख के साथ कारोबार की शुरुआत की। प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में मजबूती देखने को मिली, जिसका मुख्य कारण ब्लू-चिप बैंकिंग शेयरों और इटरनल जैसे चुनिंदा स्टॉक्स में आई जोरदार खरीदारी रही। साथ ही, एशियाई बाजारों से मिले मजबूत संकेतों ने भी घरेलू निवेश धारणा को समर्थन दिया।बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 337.83 अंकों की तेजी के साथ 82,538.17 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 91.3 अंक बढ़कर 25,182 पर कारोबार करता दिखा।
इस तेजी में इटरनल का प्रदर्शन खास रहा, जिसमें 10 फीसदी की छलांग लगाकर यह शेयर 298.30 रुपये के अपने अपर सर्किट तक पहुंच गया। कंपनी ने जून तिमाही में 25 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया है। हालांकि, क्विक कॉमर्स और ‘गोइंग-आउट’ सेवाओं में निवेश के चलते लाभ पर आंशिक दबाव बना रहा।
इन्हें मिला लाभ
अन्य लाभ में रहने वाले प्रमुख शेयरों में ट्रेंट, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील, टाइटन, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज शामिल रहे।वहीं, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसे दिग्गज शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।एफआईआई और डीआईआई की गतिविधियों ने भी बाजार की दिशा तय करने में भूमिका निभाई।
सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 1,681.23 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 3,578.43 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैश्विक संकेत सकारात्मक बने रहते हैं और घरेलू निवेशकों की रुचि बनी रहती है, तो बाजार आने वाले सत्रों में और ऊंचाई छू सकता है।

