- जेलेंस्की ने नाटो को चेताया, हमको बचा लीजिए, आपकी जमीन को भी तबाह कर देंगी रूसी मिसाइलें
जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: रूस-यूक्रेन के बीच जंग का आज 19वां दिन है। दोनों देशों के बीच सुलह का कोई रास्ता निकलता नहीं दिख रहा है। इस बीच खबर है कि रूस और यूक्रेन के बीच चौथे दौर की बातचीत एक से दो दिन में हो सकती है। इस बीच रूस की ओर से यूक्रेन पर हमले और भी ज्यादा तेज कर दिए गए हैं। यूक्रेन के 24 शहरों को निशाना बनाया जा रहा है। इसमें से 19 में तो रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां रूस लगातार बम बरसा रहा है।
रूस में आज से इंस्टाग्राम बैन
रूस में आज से इंस्टाग्राम पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह कदम फेसबुक द्वारा पुतिन के खिलाफ किए गए नियमों में बदलाव के बाद उठाया गया है। इंस्टाग्राम का कहना है कि, यह गलत है। रूस के आठ करोड़ लोग इस कारण दुनिया से कट जाएंगे।
रूस ने चीन से मांगी मदद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूक्रेन में पिछले 19 दिन से जंग लड़ रहे रूस ने चीन से सैन्य व आर्थिक मदद की मांग की है। रूस की ओर से यह मदद ऐसे समय पर मांगी गई है, जब अमेरिका की ओर से सीधे तौर पर चीन को धमकाया गया है। दरअसल, अमेरिका ने रविवार को चीन को चेतावनी जारी की थी। इसके तहत कहा गया था कि, आर्थिक प्रतिबंध झेल रहे रूस की मदद के लिए अगर चीन आगे आता है, तो उसे भी बुरे परिणाम भुगतने होंगे।
तो नाटो की जमीन पर गिरेंगे रूसी रॉकेट- जेलेंस्की
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की ओर से रविवार देर रात एक वीडियो संदेश जारी किया गया। इसमें उन्होंने एक बार फिर से नाटो से यूक्रेन को नो फ्लाई जोन घोषित करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी कि, अगर आपने यूक्रेन के आसमान को नो फ्लाई जोन घोषित नहीं किया तो जल्द ही नाटो की जमीन पर भी रूसी रॉकेट गिरेंगे।
रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग का आज 19वां दिन है। रूस ने पूरी ताकत से यूक्रेन पर हमला बोल दिया है। 24 शहरों में रूसी सैनिकों द्वारा हमले बोले जा रहे हैं। इसमें से 19 शहरों में एयर रेड अलर्ट जारी किया गया है। रूस लगातार इन शहरों में बम बरसा रहा है।

