जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक और खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। रविवार रात रूस ने यूक्रेन पर 805 ड्रोन और मिसाइलों से हमला कर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया। यूक्रेनी वायु सेना ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि यह हमला अब तक के सबसे बड़े ड्रोन अटैक के रूप में दर्ज किया गया है।
रूस ने इस हमले में 13 प्रकार की घातक मिसाइलें भी दागीं। हालांकि, यूक्रेनी वायु सेना ने 747 ड्रोन और 4 मिसाइलों को मार गिराने का दावा किया है।
37 स्थानों पर हमले, राजधानी कीव भी निशाने पर
रूस द्वारा किए गए इस हमले में यूक्रेन के 37 स्थानों को टारगेट किया गया। राजधानी कीव में कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं। हमले के दौरान एक सरकारी इमारत से धुएं के गुबार उठते देखे गए, जिससे राजधानी में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कैबिनेट भवन की छत से धुआं उठता दिखाई दिया। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह सीधे मिसाइल हमले का नतीजा था या कोई दुर्घटना।
कीव के मंत्रिमंडल मुख्यालय पर हमला
हमले में जिस सरकारी इमारत को निशाना बनाया गया, वह यूक्रेन के मंत्रिमंडल का मुख्यालय है। यहां मंत्रियों के कार्यालय स्थित हैं। धमाके के तुरंत बाद दमकल गाड़ियां और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं, जबकि पुलिस ने इमारत को घेर लिया और प्रवेश निषिद्ध कर दिया।
एक साल के मासूम की मौत, 15 घायल
कीव नगर प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने बताया कि हमले में एक साल के बच्चे की मौत हो गई। उसका शव मलबे से निकाला गया। कुल दो लोगों की जान गई, जबकि 15 लोग घायल हुए, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कीव के मेयर विटाली क्लित्श्को ने कहा कि रूसी ड्रोन का मलबा स्वियातोशिन्स्की जिले की एक रिहायशी इमारत और डार्नित्स्की जिले की एक अन्य इमारत पर गिरा।
दो हफ्तों में दूसरा बड़ा हमला, शांति वार्ता पर संकट
यह हमला पिछले दो हफ्तों में कीव को निशाना बनाकर किया गया दूसरा बड़ा रूसी हमला है। लगातार बढ़ते ड्रोन और मिसाइल अटैक के चलते यूक्रेन-रूस शांति वार्ता की उम्मीदें और धुंधली होती दिख रही हैं।
यह क्यों अहम है?
805 ड्रोन: रूस की ओर से अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन अटैक
747 ड्रोन और 4 मिसाइलें यूक्रेन द्वारा गिराई गईं
कीव में 2 की मौत, जिनमें एक साल का बच्चा शामिल
सरकारी इमारतें, खासकर कैबिनेट मुख्यालय, पहली बार निशाने पर
शांति वार्ता की संभावनाएं कमजोर

