- स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायत कर्मियों को किट वितरित
जनवाणी संवाददाता |
झिंझाना: कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के चलते नगर पंचायत कर्मचारियों ने कस्बे में सफाई और सैनेटाइजेशन किया। वहीं नगर पंचायत व स्वास्थ्य विभाग ने कस्बे में बुखार से पीड़ितों को दवाई की किट वितरित की। कोरोना महामारी के बीच झिंझाना नगर पंचायत कर्मचारी कोरोना योद्धा के रुप में नगर की साफ-सफाई व्यवस्था को संभाले हुए हैं।
सफाईकर्मी कस्बे में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के साथ साथ ही समय समय पर सैनेटाइजेशन भी कर रहे हैं। इतना ही नहीं नगर पंचायत कर्मचारी व स्वास्थ्य विभाग की टीम ई-रिक्शा के माध्यम से कस्बे की कांशीराम आवास कॉलोनी में पहुंचकर घर-घर जाकर परिवार के मुखिया से संपर्क कर घर में बुखार से पीड़ितों को दवाई किट वितरित कर रही है। वहीं लोगों को कोरोना महामारी से बचाव के लिए जागरुक भी किया जा रहा है।
मंगलवार को अमित कुमार सफाई नायक द्वारा सफाई कर्मचारियों को साथ लेकर श्मशान में सफाई व सैनेटाइज किया। अधिशासी अधिकारी योगेन्द्र कुमार ने बताया कोरोना महामारी के प्रकोप से नगर को बचाने के लिए कस्बे में सफाई बराबर कराई जा रही है वहीं कस्बे को सैनेटाइज भी किया जा रहा है। नगर पंचायत व स्वास्थ्य विभाग की टीम कांशीराम आवास कॉलोनी में बुखार की दवाई का वितरण भी कराया गया है।

