जनवाणी संवादाता |
बेहट: सितंबर माह को राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया जाएगा। उप जिलाधिकारी ने तहसील हॉल में पोषण माह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश का हर बच्चा स्वस्थ हो क्योंकि अगर बच्चे स्वस्थ होंगे तो देश स्वस्थ रहेगा।
इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्री का महत्वपूर्ण योगदान रहना चाहिए। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को कलेंडर भी वितरित किये गये। ब्लाक मुज्जफराबाद चिकित्सा प्रभारी डॉ मीनू गोयल ने कहा कि एएनएम, आशा, आंगनवाड़ी केंद्रों पर जाकर बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण करेंगी और जो भी कुपोषित बच्चे पाये जायेंगे उनकी रिपोर्ट मुख्यालय को दी जायेगी।
मुज्जफराबाद बाल विकास परियोजना अधिकारी पुष्पा रानी ने कहा कि स्वास्थ विभाग पंचायत राज विभाग राजस्व विभाग शिक्षा विभाग आदि भी पोषण अभियान में सहयोग करेंगे। प्रत्येक बुधवार शनिवार को 5 वर्ष के बच्चों के वजन की निगरानी की जायेगी। पोषण माह में आंगनवाड़ी कार्यकत्री कलेंडर के अनुसार ही प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखते हुए कार्यक्रम आयोजित करेगी।
इस दौरान न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित किए जा रहे जन सुनवाई केंद्रों पर भी सभी कार्यकत्रियों को लेखपालों से सामंजस्य बनाये जाने के लिए निर्देशित भी किया गया। इस अवसर पर सडोली कदीम की सीडीपीओ अर्चना कुमार सुपरवाइजर अनिता भट नीलम रानी के अलावा आंगनवाड़ी निदा खान, रानी बेगम, अजरा पूनम, संयोगिता दर्जनों आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री उपस्थित रहीं।

