- रहेगा 35 घंटे का लॉकडाउन, जरूरी सेवाओं को अनुमति, पेट्रोल पंप, प्राइवेट क्लीनिक, रोडवेज, एमआर, दूध, मेडिकल स्टोर खुलेंगे
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना के पहली लहर में महीनों संपूर्ण लॉकडाउन का दंश झेलने वाले मेरठ वासियों को एक बार फिर से दूसरी लहर में भी लॉकडाउन के लिये तैयार होना पड़ रहा है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने 35 घंटे का लॉकडाउन लगाने का ऐलान कर दिया है।
शनिवार रात आठ बजे से सोमवार सुबह सात बजे तक लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान जरुरी सेवाओं के अलावा रोडवेज की बस सेवा को भी जारी रखने का निर्णय लिया गया है। पूरे दिन पुलिस इसको लेकर लाउडस्पीकर के जरिये एनाउंसमेंट करती रही।

डीएम के. बालाजी ने बताया कि रविवार को साप्ताहिक लॉकडाउन में केवल आवश्यक सुविधाओं को छोड़कर सभी बाजार व सभी गतिविधियां बंद रहेंगी। यानि बाजार अब सप्ताह में चलते रहेंगे। उन्होंने बताया कि निरंतर प्रक्रिया वाले उद्योगों के साथ-साथ ऐसे उद्योग भी चलते रहेंगे जोकि रविवार को और रात में चलते हैं। इनके कर्मियों को आवागमन की अनुमति दी जाएगी।
सरकारी कर्मचारियों के साथ आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों के पहचान पत्र ही उनके पास माने जाएंगे। लॉकडाउन के दौरान तमाम छूट भी दी गई है। इनमें भारत सरकार और राज्य सरकार के कर्मचारी। निजी सुरक्षा सेवाएं, निरंतर प्रक्रिया वाली औद्योगिक इकाइयां।
पुलिस, जेल, होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन, आपातकालीन सेवाएं, जिला प्रशासन, कोषागार, बिजली पेयजल, स्वच्छता से जुड़े लोग अपने काम पर जा सकते हैं। इनके अलावा सार्वजनिक परिवहन, रेलवे, बस, आपदा प्रबंधन, नगर निकाय से संबंधित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, निजी चिकित्साकर्मी, डाक्टर, नर्सिंग स्टाफ, डायग्नोस्टिक सेंटर, क्लीनिक, दवा कंपनियों के कर्मचारी।
गर्भवती महिलाओं और रोगियों को चिकित्सा के लिए ले जाने वाले वाहन। कोल्ड स्टोरेज, वेयर हाउसिंग सेवाएं। आवश्यक वस्तुओं का परिवहन करने वाले वाहन चलेंगे। खाद्य पदार्थ, किराना, फल, सब्जी, दूध, मांस, मछली, पशुचारा, दवा और चिकित्सा उपकरण बिकेंगे। बैंक, बीमा कार्यालय और एटीएम, दूरसंचार, इंटरनेट, प्रसारण और केबिल सेवाएं बहाल रहेंगी।
पेट्रोल पंप, एलपीजी, सीएनजी, पेट्रोलियम गैस खुदरा और भंडारण भी रोज की तरह चलेंगी। लॉकडाउन से पहले शनिवार की रात आठ बजते ही पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरु कर दी थी। बाजारों को बंद करने के लिये हड़काना शुरु कर दिया था। रात दस बजते बजते शहर में सन्नाटा छा गया था।
मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में हालांकि हलचल दिख रही थी। रोजा खोलने के बाद लोग मस्जिदों में नमाज अदा करने भी गए और पूरी रात अंदरुनी इलाकों में चहल पहल बनी रही जबकि बाकी शहर में सड़कों पर इक्का-दुक्का लोग ही निकल रहे थे। डीएम के बालाजी का कहना है कि शासन के निर्देश पर लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

